जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बरगी स्थित ग्राम पिपरिया में कार में मामूली खरोंच लगने जैसी छोटी सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने एक घर में घुसकर पूरे परिवार पर लाठी, डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना में महिलाओं और बुजुर्गों समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, वहीं आरोपियों ने घर के आंगन में खड़े वाहनों में भी भारी तोडफ़ोड़ की है.
पुलिस के अनुसार दुर्गेश साहू उम्र 26 वर्ष जो कि स्वयं की गाड़ी चलाने का कार्य करता है. वह बीती रात लगभग 8.30 बजे अपनी ऑटो को भुतआई मुण्डा टोला के रोड किनारे खड़ा किया था. इसी दौरान गांव का ही रहने वाला सुरेन्द्र श्रीपाल अपनी ईको कार से सालीवाड़ा देवद्वार की ओर जा रहा था. सुरेन्द्र ने अपनी कार दुर्गेश के ऑटो के बिल्कुल करीब से निकाली, जिससे उसकी कार में पीछे की तरफ खरोंच लग गई. इस मामूली घटना के बाद दुर्गेश अपना ऑटो लेकर चुपचाप घर आ गया. घटना के करीब आधे घंटे बाद सुरेन्द्र श्रीपाल अपने परिवार के अन्य सदस्य सौरभ श्रीपाल, लल्लू उर्फ नरेन्द्र श्रीपाल, दीपेंश श्रीपाल और सुरेन्द्र के लड़के सचिन के साथ एक राय होकर लाठी, डंडे और पत्थर लेकर दुर्गेश के घर के अंदर जबरन घुस आया. आरोपियों ने घर में आते ही गालियां देना शुरू कर दिया और आरोप लगाया कि दुर्गेश ने उनकी कार में टक्कर मारी है.
जब दुर्गेश के पिता जुगल किशोर साहू, बड़े भाई अमित साहू और माता सुनीता बाई साहू ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराने की कोशिश की और कहा कि बैठकर बात सुलझा लेंगे, तो आरोपी और अधिक आक्रामक हो गए. सुरेन्द्र श्रीपाल ने गालियां देते हुए दुर्गेश पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसकी नाक और आंख के पास गंभीर चोटें आईं. जब दुर्गेश के पिता और भाई अमित बीच-बचाव करने आए, तो लल्लू श्रीपाल और सुरेन्द्र श्रीपाल ने लाठी से उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उनके हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. बीच-बचाव करने आईं दुर्गेश की माता सुनीता बाई साहू और भाभी काजल साहू को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा.
सचिन श्रीपाल ने सुनीता बाई को पत्थर मारकर और काजल साहू को डंडे से मारकर घायल कर दिया. मारपीट के दौरान आरोपियों ने तांडव मचाते हुए घर के आंगन में खड़ी ऑटो और अशोक लीलैंड गाड़ी में भी जमकर तोडफ़ोड़ की और उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया. चीख-पुकार सुनकर जब मोहल्ले के लोग बीच-बचाव करने के लिए दौड़े, तो आरोपी सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. मामले में पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ धारा 296,115(2) , 351(2) , 191(2), 191(3) , 324(4) और 333 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

