जबलपुर में पुलिस स्मृति दिवस पर 154 शहीदों को श्रद्धांजलि, एडीजी प्रमोद वर्मा ने पुष्पचक्र अर्पित किया, एमपी के 9 जवानों को भी किया याद

जबलपुर में पुलिस स्मृति दिवस पर 154 शहीदों को श्रद्धांजलि, एडीजी प्रमोद वर्मा ने पुष्पचक्र अर्पित किया, एमपी के 9 जवानों को भी किया याद

प्रेषित समय :17:39:35 PM / Wed, Oct 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जबलपुर के रांझी स्थित 6वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल के शहीद स्मारक परिसर में बुधवार को 67वां पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया. इस अवसर पर शोक परेड आयोजित की गई. इसमें कर्तव्य निभाते हुए प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को याद किया गया. सुरक्षा बलों के जवानों और अधिकारियों ने मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी.

समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जोन प्रमोद वर्मा ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान वर्ष 2025-26 में शहीद हुए देशभर के 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया. प्रमोद वर्मा ने कहा कि यह दिन अपने कर्तव्यपथ पर प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को नमन करने का है. जवानों की शहादत हमें राष्ट्र सेवा और ईमानदारी के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी.

शोक परेड में 4 प्लाटूनों ने लिया हिस्सा-

इस वर्ष आयोजित शोक परेड में विशेष सशस्त्र बल की 6वीं वाहिनी और पीटीएस (क्कञ्जस्) की नव-आरक्षक महिला संभाग की 4 प्लाटूनों ने हिस्सा लिया. जवानों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया. इस दौरान देशभर के 154 शहीदों के साथ मध्यप्रदेश पुलिस के 9 जवानों को भी श्रद्धांजलि दी गई. इन जवानों ने राज्य में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था.

कई विभागों के अधिकारी और जवान शामिल-

कार्यक्रम में पुलिस सेवा के अधिकारियों के साथ जिला पुलिस बल के जवान मौजूद रहे. व्हीकल फैक्ट्री, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री, गन कैरिज फैक्ट्री और सेंट्रल ऑर्डिनेंस डिपो के प्रतिनिधि व जवान भी समारोह में शामिल हुए.

हॉट स्प्रिंग्स में शहीद जवानों की स्मृति में मनाया जाता है दिवस-

21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले में 10 जवान शहीद हुए थे. उन्हीं की स्मृति में हर साल पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है. समारोह में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों को नमन किया और देश की अखंडता व सुरक्षा के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-