जबलपुर. एमपी के जबलपुर में मदन महल थाना से चंद कदम दूरी पर दद्दा परिसर के सामने एक दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. नरसिंहपुर से जबलपुर घूमने आए एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर बदमाशों ने मामूली सी बात पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है.
पुलिस के अनुसार करेली नरसिंहपुर निवासी हर्ष सेन उम्र 21 वर्ष पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. वह अपने साथी साहिल पटेल के साथ जबलपुर में दुर्गा प्रतिमाएं देखने आए थे. बीती रात करीब 11:30 बजे दोनों रानीताल से दुर्गा जी के दर्शन कर स्कूटी से अपने होटल लौट रहे थे, तभी मदन महल स्थित दद्दा परिसर के पास रास्ते में आगे चल रही बाइक को साइड देने के लिए हर्ष ने हॉर्न बजाया. इस पर बाइक सवार युवक भड़क गए और उन्होंने स्कूटी रोक ली. बदमाशों ने रुकते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की. हर्ष द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया.
हर्ष पर हमला होता देख उसके साथी साहिल पटेल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसके साथ भी जमकर मारपीट की. हमले के दौरान आरोपियों में से एक ने अपने साथी का नाम लेते हुए कहा पीयूष पचौरी, इसे छोड़ दो. इस अचानक हुए हमले में हर्ष के नाक और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि साहिल के चेहरे, हाथ और पैरों पर भी चोटें लगी हैं. मौके पर राहगीरों को इक_ा होते देख तीनों हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए. घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों ने मदन महल थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ बीएनएस धारा 296, 115(2), 119(1), 351(2), और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

