राजस्थान: नवरात्रि में खरीदा था नया टेंपो, उसी में मां और दो बच्चों की दर्दनाक मौत; 8 साल का बेटा गंभीर

राजस्थान: नवरात्रि में खरीदा था नया टेंपो, उसी में मां और दो बच्चों की दर्दनाक मौत; 8 साल का बेटा गंभीर

प्रेषित समय :17:31:55 PM / Thu, Oct 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जालोर. राजस्थान के जालोर जिले में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. रामसीन-भीनमाल स्टेट हाईवे पर भरूड़ी चौराहे के पास रोडवेज बस और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में मां, बेटे और बेटी ने दम तोड़ दिया. परिवार मंदिर में दर्शन कर घर लौट रहा था. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है.

मां, बेटे और बेटी की मौत, छोटा बेटा अस्पताल में भर्ती

रामसीन थानाधिकारी अरविंद कुमार के अनुसार, हादसे में मुथला कांबा निवासी ललिता देवी (42), उनके बेटे कैलाश (19) और बेटी सुमन कुमारी (17) की मौत हो गई. परिवार का आठ वर्षीय बेटा राजू गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

जानकारी के मुताबिक, परिवार रामसीन गांव स्थित मंदिर में दर्शन करने के बाद टेंपो से घर लौट रहा था. इसी दौरान भरूड़ी चौराहे के पास भीनमाल से उदयपुर की ओर जा रही रोडवेज बस से टेंपो की भिड़ंत हो गई.

टक्कर इतनी तेज कि बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ टेंपो

बस और टेंपो की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. इस दुर्घटना में परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.

नवरात्रि में ही बेटे के लिए खरीदा था नया टेंपो

इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि ललिता देवी ने नवरात्रि के दौरान ही अपने बेटे के लिए नया टेंपो खरीदा था. परिवार इसी टेंपो से मंदिर में दर्शन करने गया था और लौटते समय हादसे का शिकार हो गया.

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-