मदनमहल-दमोह नाका फ्लाईओवर पर दो इलेक्ट्रिक कारों की भीषण भिड़ंत, एयरबैग खुलने से बची जानें

मदनमहल-दमोह नाका फ्लाईओवर पर दो इलेक्ट्रिक कारों की भीषण भिड़ंत, एयरबैग खुलने से बची जानें

प्रेषित समय :21:19:05 PM / Fri, Oct 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नगर प्रतिनिधि, जबलपुर. मदन महल-दमोह नाका फ्लाईओवर पर शुक्रवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. मदनमहल रोटरी के पास तेज रफ्तार से आ रही दो इलेक्ट्रिक कारें आमने-सामने टकरा गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के दौरान दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए, जिससे कारों में सवार लोगों की जान बचने में मदद मिली.

रानीताल की ओर जाते समय हुआ हादसा

मदनमहल पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 7 बजे हुआ. रानीताल की ओर जा रही एमपी 20 एक्सई 3411 और एमपी 20 जेडवाई 0373 नंबर की कारें मदनमहल रोटरी के पास आपस में टकरा गईं. थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में एक टाटा नेक्सॉन और दूसरी टाटा कर्व इलेक्ट्रिक कार है.

टक्कर के बाद मौके पर जुटे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों कारें तेज रफ्तार में थीं. क्रॉस करते समय दोनों वाहनों के बीच संतुलन बिगड़ने से उनके दाहिने हिस्से में जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंच गए.

घायलों को अस्पताल भेजा

स्थानीय लोगों ने कारों में फंसे या घायल लोगों को बाहर निकालने में मदद की और उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया. पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाने में लगी रही. शुरुआती जानकारी में दोनों कारों में सवार लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर तत्काल स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी.पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-