नगर प्रतिनिधि,जबलपुर. खमरिया थाना क्षेत्र के घाना में शराब दुकान पर मुफ्त में शराब देने से इनकार करने पर विवाद हो गया. आरोप है कि दो युवकों ने दुकान के सेल्समैन सूरज जायसवाल के साथ गाली-गलौज की और चाकू से हमला कर दिया. सूरज ने बचने की कोशिश की, लेकिन चाकू उसकी कमर में लग गया. घटना के बाद दोनों युवक मौके से भाग गए.
बिना पैसे शराब मांगने पर विवाद
खमरिया पुलिस के अनुसार, घाना निवासी सूरज जायसवाल शराब दुकान में सेल्समैन है. उसकी शिकायत के मुताबिक, गुरुवार को वह देशी-अंग्रेजी शराब दुकान पर मौजूद था. इसी दौरान निकेश बंजारा और सतीश कुशवाहा वहां पहुंचे. आरोप है कि सतीश ने बिना पैसे दिए शराब मांगी. सूरज ने शराब देने से मना किया तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे.
चाकू से हमले का आरोप
शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों युवकों ने सूरज को जान से मारने की धमकी दी. आरोप है कि निकेश बंजारा ने चाकू से उसके सीने पर वार करने की कोशिश की. सूरज बचने के लिए मुड़ा, जिससे चाकू उसकी कमर में लगा. इसके बाद दुकान पर मौजूद अन्य लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो दोनों युवक वहां से भाग गए.
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद सूरज जायसवाल ने खमरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

