जबलपुर में मांडवा बस्ती रामपुर में हृद्य विदारक हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए मां-बेटे की मौत

जबलपुर में मांडवा बस्ती रामपुर में हृद्य विदारक हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए मां-बेटे की मौत

प्रेषित समय :07:47:56 AM / Mon, Oct 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में रामपुर स्थित मांडवा बस्ती में बीती शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, यहां पर घर की छत पर बैनर निकालते वक्त ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मां और बेटे की मौत हो गई। वहीं  भतीजा गंभीर रुप से झुलस गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। 
                                    पुलिस के अनुसार, मांडवा बस्ती टेंडर-2 क्षेत्र में निवास करने वाली महिला सीता राजपूत उम्र 55 वर्ष अपने बेटे किशन उम्र 23 वर्ष के साथ अपने घर की छत पर बैनर आदि निकालने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान उनके हाथ में मौजूद लोहे की रॉड अचानक फिसल गई और घर के ठीक सामने से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। लोहे का पाइप टच होते ही  करंट का झटका लगा और मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में उनका भतीजा बाबू उर्फ रियान 12 वर्ष गंभीर रुप से झुलस गया। सीता, किशन व बाबू को करंट लगते देख आसपास के लोगों में चीखपुकार मच गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिन्होने सभी को निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर सीता व उनके बेटे किशन को डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, वहीं बाबू की हालत को देखते हुए भरती कर इलाज शुरु कर दिया गया। बाबू की हालत भी अत्यंत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद मांडवा बस्ती में मातम छा गया, लोगों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-