जबलपुर। एमपी के जबलपुर में रांझी स्थित रिछाई तालाब के पास एक सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। यहां पर लड़की से छेड़छाड़ करने से मना करने पर बदमाशों ने रंजीत कोल पर चार बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में रंजीत के शरीर पर गंभीर चोटें आई। भाई पर हमला होते देख रवि बचाने दौड़ा तो बदमाशों ने घातक हथियार दिखाते हुए खदेड़ दिया। हमले के बाद बदमाशों ने रंजीत का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। पुलिस ने घायल रंजीत को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार रिछाई निवासी 45 वर्षीय रंजीत कोल अपने भाई रवि कोल के साथ बीती दोपहर 1 बजे पहाड़ी के पास स्थित तालाब पर मछली पकडऩे गया हुआ था। शाम करीब 4 बजे अचानक पास ही किसी लड़की के जोर-जोर से चिल्लाने और चीखने की आवाजें सुनाई दीं। मानवता के नाते जब रंजीत और उसका भाई आवाज की दिशा में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। वहां आरोपी शुभम दुबे, रचित भारद्वाज, आकाश पासी और शिब्बू ठाकुर एक लड़की के साथ बदसलूकी और उग्र बहस कर रहे थे। रंजीत ने जैसे ही आरोपियों की करतूतों को कैमरे में कैद करने के लिए अपना मोबाइल निकाला, बदमाश आपे से बाहर हो गए। "हमारा वीडियो बना रहा है! चिल्लाते हुए बदमाशों ने रंजीत का मोबाइल छीनकर जमीन पर दे मारा और ताबड़तोड़ गालियां देने लगे। जब रंजीत ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो हमलावर खूंखार हो उठे। रचित भारद्वाज और आकाश पासी ने रंजीत को कसकर दबोच लिया ताकि वह हिल न सके। इसके बाद शुभम दुबे और शिब्बू ठाकुर ने जान से मारने की नीयत से धारदार चाकू निकाला और रंजीत पर अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। बदमाशों ने रंजीत के पेट, पसली, कमर और बाएं पैर की जांघ पर चाकू से ताबड़तोड़ कई हमले किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर तड़पने लगा। हमलावर लगातार जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे जलील करते रहे। जब रंजीत का भाई रवि कोल अपने भाई की जान बचाने के लिए आगे बढ़ा, तो सिर पर खून सवार शुभम दुबे चाकू लेकर उसे भी मारने के लिए दौड़ा। रवि ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इसी बीच चार मुख्य आरोपियों के 2 अन्य अज्ञात साथी भी वहां आ पहुंचे और खून से लथपथ रंजीत के साथ बेरहमी से मारपीट करने लगे। हमले के बाद आरोपी रंजीत को महाराजपुर स्थित शुभम अस्पताल लेकर आए, यहां पर उपचार कराने के बाद धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस ने घायल रंजीत से पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
जबलपुर में युवती से छेड़छाड़ करने से रोकने पर बदमाशों ने युवक पर किया जानलेवा हमला
प्रेषित समय :15:32:43 PM / Mon, Oct 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




