रांझी क्षेत्र में चल रहे भंडारा कार्यक्रम में बदमाशों ने किया तांडव, धारदार हथियारों से श्रद्धालुओं पर किया हमला, 8 घायल

रांझी क्षेत्र में चल रहे भंडारा कार्यक्रम में बदमाशों ने किया तांडव, धारदार हथियारों से श्रद्धालुओं पर किया हमला, 8 घायल

प्रेषित समय :07:10:16 AM / Mon, Oct 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित आजाद नगर रांझी मंदिर परिसर में चल रहे भंडारा कार्यक्रम में धारदार हथियारों से लैस होकर पहुंचे बदमाशों ने प्रसाद ग्रहण कर रहे श्रद्धालुओं पर अचानक हमला कर दिया। हमले में 8 श्रद्धालुओं के शरीर पर गंभीर चोटें आई। वहीं श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण कर रहे अन्य लोगों में चीख पुकार व भगदड़ मच गई। देखते ही देखते ही अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है। 
                                पुलिस को पूछताछ में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंदिर के पास जब सैकड़ों लोग मौजूद थे, तब कुछ युवक अपनी मोटरसाइकिलें बेहद खतरनाक और तेज गति से लहराते हुए वहां से निकले। श्रद्धालुओं ने भीड़ को देखते हुए केवल गाड़ी धीरे चलाने की एक मामूली सी हिदायत दी थी। इस बात से बाइक सवार युवक उस वक्त तो निकल गए, लेकिन कुछ ही देर में हथियारों से लैस होकर आए और प्रसाद ग्रहण कर रहे श्रद्धालुओं पर ताबड़तोड़ हमले करना शुरु कर दिया, अचानक किए गए हमले से भगदड़ व अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन हमलावरों की हैवानियत रुकी नहीं। जो बीच-बचाव करने आया, उसे भी बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया गया। धारदार हथियारों के ताबड़तोड़ वार से जमीन खून से लाल हो गई। इस खूनी संघर्ष में  रवि गोटियां, रागिनी गोटियां, पप्पू वर्मा, अनुज कोल, पारस यादव, आदि गोटियां, बिट्टू झरिया और मनीष को शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान हालत में पड़े इन घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सहमा पूरा इलाका, पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश-
घटना की भनक लगते ही रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाकर हमले के मुख्य आरोपी समीर तथा उसके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-