जबलपुर के सदर में दुर्गा विसर्जन जुलूस चाकूबाजी, नाचने को लेकर हुए झगड़े में युवक को मारे चाकू

जबलपुर के सदर में दुर्गा विसर्जन जुलूस चाकूबाजी, नाचने को लेकर हुए झगड़े में युवक को मारे चाकू

प्रेषित समय :16:48:25 PM / Mon, Oct 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


जबलपुर। एमपी के जबलपुर में सदर स्थित मछली मार्केट के सामने बीती रात एक बजे के लगभग दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान एक मामूली सी बात पर ऐसा खौफनाक तांडव हुआ कि पूरा इलाका दहल उठा। जुलूस में नाचने को लेकर हुए मामूली विवाद ने कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जहां बदमाशों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। 
                               पुलिस के अनुसार, नई बस्ती कजरवारा का रहने वाला 28 वर्षीय अमन चौधरी बीती रात अपनी आस्था और उमंग के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल हुआ था। वह जुलूस के साथ कजरवारा से ग्वारीघाट की ओर बढ़ रहा था। जब यह भव्य और उमंग से भरा जुलूस सदर के मछली मार्केट के पास पहुंचा, तो काल बनकर आए तीन बदमाश—शनि बघेल, गौरव यादव और अंशु झारिया—वहाँ धमक पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ये तीनों आरोपी शराब के नशे में इस कदर धुत थे कि उन्हें होश ही नहीं था कि वे किस पवित्र और धार्मिक आयोजन में खड़े हैं। ये तीनों जुलूस में जबरन घुसकर बेकाबू होकर नाचने लगे और जानबूझकर आसपास के लोगों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। जब आरोपियों की हरकतें हद से पार होने लगीं और वे बार-बार धक्का-मुक्की करने लगे, तब अमन चौधरी ने हिम्मत दिखाते हुए उन्हें शांति से रहने और ढंग से नाचने की नसीहत दी। बस! फिर क्या था, नशे में चूर इन शोहदों के अहंकार पर जैसे चोट लग गई। अमन का विरोध करना इन तीनों बदमाशों को नागवार गुजरा और वे आगबबूला हो गए। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। आरोपी अंशु झारिया और गौरव यादव ने गंदी-गंदी गालियां देते हुए अमन पर ताबड़तोड़ हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, मुख्य हमलावर शनि बघेल ने अपनी जेब से चाकू निकाल लिया और अमन पर जानलेवा हमला बोल दिया। जैसे ही जुलूस में शामिल लोगों ने खून से सने चाकू और अमन को गिरते देखा, वहाँ चारों तरफ अफरातफरी और भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पलभर में जश्न और भक्ति का माहौल खौफ, चीख-पुकार और दहशत में बदल गया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद लहूलुहान अमन को तड़पता छोड़ गए और सरेआम जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना की भनक लगते ही कैंट थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और भारी दल-बल के साथ मौके पर जा पहुंची। पुलिस ने फौरन गंभीर रूप से घायल अमन चौधरी को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी जान बचाने के लिए डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी हुई है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-