28 से 30 अक्टूबर तक दिल्ली में बैठकें, रेलवे बोर्ड ने 18 प्रतिनिधियों को विशेष अवकाश और यात्रा पास दिए
जबलपुर. आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के साथ होने वाली चर्चा में रेलवे तकनीशियनों की मांगें उठाई जाएंगी. ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) के 18 प्रतिनिधियों को बैठक में शामिल होने के लिए रेलवे बोर्ड ने विशेष आकस्मिक अवकाश और यात्रा पास की मंजूरी दी है.
जबलपुर से वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन (डब्ल्यूसीआरईयू) के मंडल सचिव रोमेश मिश्रा चर्चा में शामिल होकर देशभर के रेलवे तकनीशियनों की कैडर संबंधी मांगें और सेवा से जुड़े मुद्दे आयोग के समक्ष रखेंगे.
रेलवे बोर्ड के 26 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, 28 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित एआईआरएफ कार्यालय में प्रतिनिधियों की आंतरिक बैठक होगी, जबकि 30 अक्टूबर को वे आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के साथ चर्चा करेंगे.
एआईआरएफ के महासचिव कामरेड शिवगोपाल मिश्रा के अनुरोध पर बोर्ड ने विशेष मामले के तहत यह मंजूरी दी है. संबंधित जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों (कार्मिक) को निर्देश जारी कर प्रतिनिधियों की सूची भेज दी गई है.
तकनीशियनों से मांगें साझा करने की अपील
रोमेश मिश्रा ने इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और एसएंडटी विभागों के तकनीशियनों से अपनी समस्याएं, वेतन संबंधी मांगें और कार्यस्थल से जुड़े मुद्दे यूनियन तक पहुंचाने की अपील की है. ओपन लाइन, वर्कशॉप और प्रोडक्शन यूनिट में कार्यरत कर्मचारी अपनी मांगें समय पर साझा करें, ताकि उन्हें वेतन आयोग के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

