5 साल से बहन को परेशान कर रहे बदमाशों ने पिता पर किया चाकू से हमला, खून से लथपथ पिता को थाना लेकर पहुंची बेटी

5 साल से बहन को परेशान कर रहे बदमाशों ने पिता पर किया चाकू से हमला, खून से लथपथ पिता को थाना लेकर पहुंची बेटी

प्रेषित समय :17:23:20 PM / Sat, Oct 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में सिविल लाइन स्थित कांचघर हाउसिंग बोर्ड कालोनी में सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है. यहां पर कुछ दबंग बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पिछले 5 साल से उसके परिवार को लगातार प्रताडि़त कर रहे हैं. हद तो तब हो गई जब बदमाशों ने दुकान बंद कर लौट रहे उसके पिता पर रात एक बजे के लगभग चाकू से जानलेवा हमला कर दिया.

बताया गया है कि घायल पिता हीरालाल साहनी को बेटी सिविल लाइन थाने पहुंची. युवती ने पुलिस को बताया कि रात करीब 12 बजे उसके पिता मुकादमगंज स्थित अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे. रास्ते में इलाके के रहने वाले हेमंत सिंह राजपूत और अभिनव यादव ने उन्हें रोक लिया और उन पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल पिता की शिकायत पर आखिरकार पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

हाउसिंग बोर्ड निवासी युवती ने पुलिस को आपबीती बताते हुए कहा कि करीब पांच साल पहले उसकी बड़ी बहन की हेमंत सिंह से जान-पहचान थी. जब बहन ने उससे बातचीत बंद कर दी, तो हेमंत ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया. युवती का आरोप है कि इनकार करने पर आरोपियों ने बहन के साथ मारपीट की और उनके घर के सामने बम तक फेंके. स्थिति इतनी बदतर हो गई कि हेमंत की प्रताडऩा से तंग आकर बड़ी बहन आत्महत्या की कोशिश में फांसी भी लगा चुकी है. इसके अलावा, एक सप्ताह पहले ही आरोपियों ने युवती के भाई मोहित साहनी पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया था.

आरोपी की बहन के पुलिस में टीआई होने का आरोप-

पीडि़त युवती का सबसे गंभीर आरोप पुलिस प्रशासन पर है. उसने आरोप लगाया कि सिविल लाइन पुलिस दबाव के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती है, क्योंकि मुख्य आरोपी हेमंत सिंह राजपूत की बहन कंचन सिंह राजपूत पुलिस विभाग में टीआई (ञ्जढ्ढ) के पद पर तैनात हैं. युवती का कहना है कि वह आरोपियों के खिलाफ पहले भी चार बार एफआईआर दर्ज करवा चुकी है, लेकिन पुलिस ने कभी कोई सख्त कदम नहीं उठाया. थाने के कई चक्कर लगाने के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई, तो बदमाशों के हौसले और बढ़ गए.

सीएसपी ने दिया जांच का आश्वासन-

मामले के तूल पकडऩे और मीडिया में खबर आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है. सीएसपी सोनू कुर्मी ने इस संबंध में बयान देते हुए कहा कि युवती की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को रवाना कर दिया गया है. साथ ही, युवती के इन आरोपों की भी गहराई से जांच कराई जाएगी कि पहले की गई शिकायतों पर पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की थी. यदि इसमें किसी स्तर पर लापरवाही या दबाव की बात सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-