उज्जैन के होटल में सफाई के दौरान बड़ा हादसा, चैंबर में दम घुटने से चार की मौत

उज्जैन के होटल में सफाई के दौरान बड़ा हादसा, चैंबर में दम घुटने से चार की मौत

प्रेषित समय :11:53:48 AM / Sun, Nov 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

उज्जैन. उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई. चारों एक के बाद एक चैंबर में फंस गए थे. उन्हें बचाने के लिए अंदर उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं.

घटना रात के समय हुई. होटल के ओवरग्राउंड चैंबर की सफाई के लिए चार लोग अंदर उतरे थे, लेकिन बाहर नहीं निकल सके. सूचना पर माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया. मृतकों की पहचान कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद, मनोज मीणा और वाहिद के रूप में हुई है.

कटर मशीन से काटना पड़ा चैंबर का गेट

चैंबर का गेट नहीं खुलने पर थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने पास में चल रहे निर्माण कार्य से कटर मशीन मंगवाई. इससे गेट काटकर रास्ता बनाया गया. चैंबर के फर्श पर फिसलन के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई. करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया. पुलिसकर्मियों ने सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं.

बचाव के लिए उतरे दो लोग भी बीमार

चार लोगों के फंसने के बाद हेमराज नाम का पांचवां सफाईकर्मी भी चैंबर में उतरा था, लेकिन घबराहट और बेहोशी महसूस होने पर बाहर आ गया. वहीं, चारों को बचाने के लिए अंदर उतरे दो अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ गई. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रेस्क्यू के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हुआ. घटना की जानकारी मिलने पर एसपी शर्मा मौके पर पहुंचे और बचाव दल को जरूरी निर्देश दिए.

सीएम ने जताया दुख, चार-चार लाख की सहायता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-