बेलगाम डंपर ने बाइक सवार को 20 मीटर तक घसीटा, चीख-पुकार के बीच युवक की मौत

बेलगाम डंपर ने बाइक सवार को 20 मीटर तक घसीटा, चीख-पुकार के बीच युवक की मौत

प्रेषित समय :17:30:48 PM / Wed, Nov 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में भेड़ाघाट चौराहा पर आज उस वक्त चीख पुकार मच गई. डंपर ने सामने से आ रहे बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर के बाद युवक मोटरसाइकिल सहित डंपर के नीचे फंस गया और मौत के पहिये उसे करीब 20 मीटर तक सड़क पर घसीटते चले गए.

पुलिस के अनुसार  बाइक सवार युवक घर से जबलपुर जाने के लिए निकला, जब वह भेड़ाघाट चौराहे पर पहुंचा तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी. हादसे के बाद युवक बाइक सहित करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया. डंपर के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी.

हालांकि, वाहन के साइड में पीले रंग से कुछ नंबर लिखे हुए थे, लेकिन वे स्पष्ट नहीं थे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरस्वती घाट से रातभर बिना नंबर प्लेट वाले हाईवा और बड़े ट्रकों के जरिए अवैध रूप से रेत और पीली मिट्टी का उत्खनन एवं परिवहन किया जाता है. उनका आरोप है कि यह गतिविधियां खनिज विभाग और पुलिस के संरक्षण में चल रही हैं.  स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना नंबर प्लेट वाले भारी वाहन रातभर सड़कों पर दौड़ते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करते.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-