जबलपुर. सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की सुविधा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए जबलपुर रेल मंडल द्वारा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) 5.0 अभियान के तहत मंडल के विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में कटनी, सतना, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, पिपरिया और ब्योहारी में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई.
शिविरों में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने और इससे जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने में आवश्यक सहायता दी गई. वहीं, मंडल के चिकित्सा विभाग की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई. इसमें रक्तचाप, ब्लड शुगर और सामान्य शारीरिक परीक्षण किया गया. इन शिविरों में कुल 151 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया.
इस दौरान रेलकर्मियों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने और प्रतिदिन व्यायाम करने की सलाह दी गई. उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी जागरूक किया गया.
शिविरों में पेंशनभोगियों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी दी गई, ताकि वे पेंशन जारी रखने के लिए जरूरी औपचारिकताएं आसानी से पूरी कर सकें.
जबलपुर रेल मंडल द्वारा DLC 5.0 अभियान के तहत सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और कल्याण पर भी ध्यान दिया जा रहा है. इन शिविरों के माध्यम से रेलवे ने अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल की है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

