झारखंड के खूंटी में बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचला, सात की मौत; एक घायल

झारखंड के खूंटी में बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचला, सात की मौत; एक घायल

प्रेषित समय :11:14:57 AM / Fri, Nov 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

खूंटी. झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार 18 पहियों वाले ट्रक ने सड़क किनारे खड़े आठ लोगों को कुचल दिया. कर्रा थाना क्षेत्र में कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के पास हुए इस हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई. घायल खुशबू कुमारी का खूंटी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:45 बजे जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर पुलिया के समीप झाड़ियों में गिर गया था. उसे देखने और मदद के लिए आसपास की महिलाएं और बच्चे मौके पर पहुंचे थे. इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. सभी मृतकों के शव और घायल को खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 11:15 बजे इलाज के दौरान 12 वर्षीय सौरभ नायक ने भी दम तोड़ दिया. इसके साथ ही मृतकों की संख्या सात हो गई.

मृतकों की पहचान पाको देवी, कसीला देवी, मानहू देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी, तूती कुमारी और 12 वर्षीय सौरभ नायक के रूप में हुई है. सभी जोने-लुदरू मोड़ के पास स्थित कॉलोनी के निवासी थे. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ट्रक चालक नशे में था और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चला रहा था. ट्रक का नंबर जेएच 02 एजे 1377 बताया गया है. हादसे के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-