120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से किया गया स्पीड ट्रायल, तकनीकी खामियां दूर होने के बाद मिलेगी संचालन की मंजूरी
धार. इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत पीथमपुर से धार के बीच ट्रेन संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं. शुक्रवार को पश्चिम रेलवे परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) श्रीनिवास ने करीब 43 किलोमीटर लंबे रेलखंड का निरीक्षण किया. उन्होंने रेलवे ट्रॉली से पूरे ट्रैक का जायजा लिया. इस दौरान रेलवे के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे.
निरीक्षण के दौरान रेल पटरी, विद्युतीकरण, सिग्नल प्रणाली, पुल-पुलियों और ट्रेन संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई. इसके बाद इंजन को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाकर स्पीड ट्रायल किया गया. इस परीक्षण के जरिए ट्रैक की क्षमता और निर्धारित गति पर सुरक्षित रेल संचालन की व्यवस्थाओं को परखा गया.
कुछ स्थानों पर मिली तकनीकी खामियां
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर तकनीकी कमियां सामने आने की जानकारी मिली है. इन्हें दूर करने के लिए रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे. सीआरएस अपनी निरीक्षण रिपोर्ट रेलवे को सौंपेंगे. रिपोर्ट के आधार पर जरूरी सुधार और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही रेल संचालन को अंतिम मंजूरी मिलेगी. इसके बाद पीथमपुर-धार रेलखंड पर यात्री ट्रेन शुरू करने की तारीख तय की जा सकेगी.
धार को इंदौर से मिलेगी रेल कनेक्टिविटी
पीथमपुर से धार के बीच ट्रेन संचालन शुरू होने से धार और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को इंदौर से रेल संपर्क की सुविधा मिलेगी. इससे आवागमन आसान होने के साथ क्षेत्र में परिवहन के नए विकल्प भी उपलब्ध होंगे. सीआरएस निरीक्षण पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेन चलने की उम्मीद बढ़ी है. हालांकि, नियमित संचालन रेलवे की अंतिम मंजूरी और तकनीकी कमियों को दूर किए जाने पर निर्भर करेगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

