धनतेरस की रात गाजी नगर की झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 50 झोपड़ियां जलकर खाक

धनतेरस की रात गाजी नगर की झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 50 झोपड़ियां जलकर खाक

प्रेषित समय :11:22:37 AM / Sat, Nov 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. धनतेरस की रात गोहलपुर थाना क्षेत्र के गाजी नगर झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से करीब 50 झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं. रात करीब 2 बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना पर पहुंचे 13 दमकल वाहनों ने रातभर आग बुझाने के प्रयास किए. सुबह तक आग पर काबू पाया जा सका. हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई परिवारों का आशियाना और घर-गृहस्थी का सामान पूरी तरह तबाह हो गया.

तेजी से फैली आग, रातभर चला राहत और बचाव कार्य

लेमा गार्डन के पास गाजी नगर मैदान में करीब 350 झुग्गियां हैं. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की झोपड़ियां भी इसकी चपेट में आती चली गईं. सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, बिजली कंपनी (एमपीबी) और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. दमकल वाहनों और टैंकरों का पानी खत्म होने पर उन्हें दोबारा भरकर घटनास्थल भेजा जाता रहा. एहतियात के तौर पर बिजली कंपनी ने इलाके की विद्युत आपूर्ति भी बंद कर दी थी. फायर ब्रिगेड कर्मचारी ओमप्रकाश श्रीवास्तव के मुताबिक, दमकल टीम ने काफी हद तक आग पर नियंत्रण पा लिया था. शेष हिस्से में भी आग बुझाने के प्रयास जारी रहे. सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.

50 साल की मेहनत एक रात में राख

आग में अपनी झोपड़ी गंवाने वाली शबनम ने बताया कि रात में लोगों ने आवाज लगाकर उन्हें आग लगने की सूचना दी. जब वह घर से बाहर निकलीं तो चारों तरफ आग फैली हुई थी. देखते ही देखते उनकी झोपड़ी भी जलकर राख हो गई. घर में रखा अनाज, नकदी, मोबाइल और रोजमर्रा का सामान कुछ भी नहीं बचा. उन्होंने बताया कि वह पिछले 50 साल से यहां रह रही थीं. इतने वर्षों की मेहनत और गृहस्थी एक ही रात में खत्म हो गई. अब कहां जाएं, कैसे रहें और परिवार के लिए खाने-पीने का इंतजाम कैसे करें, यही चिंता सता रही है.

बस्ती में पहले भी हो चुकी हैं आग की घटनाएं

पूर्व पार्षद ताहिर अली ने बताया कि उन्हें रात करीब 2:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचकर उन्होंने नगर निगम और पुलिस को जानकारी दी. उन्होंने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताते हुए बताया कि बस्ती में पहले भी कई बार आग लग चुकी है. सीएसपी अखिलेश गौर के अनुसार, पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. नगर निगम की दमकल टीम आग बुझाने और राहत-बचाव कार्य में जुटी रही. शुरुआती जानकारी में 30 से 35 परिवारों के प्रभावित होने की बात सामने आई थी. आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा.

खुले आसमान के नीचे पीड़ित परिवार, पुनर्वास की चिंता

आग में घर गंवाने वाले परिवार फिलहाल बस्ती में ही खुले आसमान के नीचे समय बिता रहे हैं. आसपास के लोगों, परिचितों और रिश्तेदारों के सहारे उनकी रात गुजर रही है. स्थानीय पार्षद और अन्य नेताओं ने पीड़ित परिवारों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था करने की बात कही है. हालांकि, उनके रहने और पुनर्वास के लिए फिलहाल कोई ठोस व्यवस्था सामने नहीं आई है. नगर निगम के मुताबिक, आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. हालांकि, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग सबसे पहले किस स्थान और किस झोपड़ी में लगी थी. घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई परिवारों की पूरी गृहस्थी उजड़ गई.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-