नई दिल्ली. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का टाइम-टेबल जारी कर दिया है. दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी. सभी विषयों के पेपर सुबह 10:30 बजे से आयोजित किए जाएंगे. बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले ही डेटशीट जारी कर दी है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके.
10वीं के 83 और 12वीं के 121 विषयों की परीक्षा
सीबीएसई के अनुसार, 10वीं के 83 और 12वीं के 121 विषयों के लिए परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया गया है. डेटशीट बनाने से पहले 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों का विश्लेषण किया गया, ताकि विद्यार्थियों के चुने हुए विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन न पड़ें. इससे छात्रों को परीक्षा कार्यक्रम के कारण किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
प्रतियोगी परीक्षाओं का भी रखा गया ध्यान
बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय विषयों के बीच पर्याप्त अंतराल रखने को प्राथमिकता दी है, ताकि विद्यार्थियों को रिवीजन का समय मिल सके. इसके अलावा 12वीं के बाद होने वाली प्रमुख राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं की संभावित तारीखों को भी ध्यान में रखा गया है. परीक्षा केंद्रों की क्षमता और स्कूलों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों, इसका भी ध्यान रखा गया है.
स्कूलों के डेटा के आधार पर तैयार हुई डेटशीट
बोर्ड ने संबद्ध स्कूलों से प्राप्त विद्यार्थियों के पंजीकरण और विषय आवंटन संबंधी जानकारी के आधार पर परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया है. देश और विदेश के सभी संबद्ध स्कूलों में परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे शुरू होंगी. परीक्षा से तीन महीने से अधिक समय पहले डेटशीट जारी होने से विद्यार्थियों को अध्ययन की योजना बनाने और स्कूलों को प्री-बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम तय करने में सहूलियत मिलेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

