रायपुर में मां-बेटे की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, 3-4 दिन पुराने मिले शव

रायपुर में मां-बेटे की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, 3-4 दिन पुराने मिले शव

प्रेषित समय :15:15:48 PM / Sat, Nov 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में एक किराये के मकान से मां और बेटे के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. दोनों की मौत कई दिन पहले होने की आशंका है. कमरे से दुर्गंध आने और पिछले कुछ दिनों से मां-बेटे के नजर नहीं आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, मां-बेटे की मौत जहर सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है.

छोटा अशोक नगर में चार साल से रह रहे थे मां-बेटे

पुलिस के मुताबिक, घटना गुढ़ियारी के छोटा अशोक नगर की है. यहां दिलीप मंडल के मकान में जय जी देशमुख (52) अपने बेटे हंसमुख देशमुख (25) के साथ पिछले करीब चार वर्षों से किराये पर रह रही थीं. जय जी ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं, जबकि उनका बेटा लंबे समय से बीमार चल रहा था. मकान मालिक के अनुसार, बेटे का इलाज भी जारी था.

कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना

जानकारी के अनुसार, मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से आसपास के लोगों को दिखाई नहीं दिए थे. इसी बीच उनके कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी. संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी. गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. काफी प्रयास के बाद दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई.

अंदर महिला का शव फर्श पर और बेटे का शव बिस्तर पर मिला. दोनों शवों की स्थिति देखकर उनके तीन से चार दिन पुराने होने की आशंका जताई गई है.

सुसाइड नोट मिलने से आत्महत्या की आशंका

घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है. शुरुआती जानकारी में बेटे की बीमारी से परेशान होकर महिला द्वारा यह कदम उठाए जाने की आशंका सामने आई है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एसीपी भी मौके पर पहुंचे. एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-