जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर ने एक बार फिर अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत परिचय देते हुए मां नर्मदा के पावन तट गौरीघाट पर आयोजित 'दीपोत्सव जबलपुर 2026' के माध्यम से इतिहास के स्वर्णिम पलों को साकार किया. लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के आह्वान पर दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित इस भव्य एवं दिव्य दीपोत्सव में गौरीघाट के सभी तट 51 हजार दीपों की रोशनी से जगमगा उठे. मां नर्मदा के तट पर प्रज्वलित हजारों दीपों की सुनहरी आभा, शंख ध्वनि, मंत्रोच्चार, मां नर्मदा अष्टक, महाआरती, आकर्षक लेजर शो और सनातनी थीम पर आधारित आतिशबाजी ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया.
इस अविस्मरणीय आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, नागरिक एवं धर्मप्रेमीजन मां नर्मदा के तट पर पहुंचे. सभी ने एक-एक दीप प्रज्वलित कर मां नर्मदा से जबलपुर, मध्यप्रदेश एवं संपूर्ण देश की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की. दीपों से सजे नर्मदा तट का विहंगम दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो धरती पर स्वर्ग उतर आया हो.
*सनातन की अभिव्यक्ति, माँ नर्मदा की भक्ति और सामूहिकता की शक्ति दिखा संगम के साथ राष्ट्रीयता का उद्घोष है दीपोत्सव*
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा यह दीपोत्सव सनातन की अभिव्यक्ति, माँ नर्मदा की भक्ति और हमारी सामूहिकता की शक्ति के संगम के साथ हमारी राष्ट्रीयता का उद्घोष है क्योंकि भारत की राष्ट्रीयता हमारी परम्पराओं में है और दीपोत्सव और प्रकाशोत्सव हमारी परम्परा का अभिन्न हिस्सा है.
उन्होंने कहा मां नर्मदा की प्रेरणा और पूज्य संतों के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से दीपोत्सव का यह आयोजन निरंतर भव्य स्वरूप ले रहा है. दीपावली की पूर्व संध्या पर मां के पावन तटों को हजारों दीपों से सजाने की यह परंपरा हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक बन चुकी है. जब हजारों दीप एक साथ प्रज्वलित होते हैं तो उनका प्रकाश केवल तटों को ही रोशन नहीं करता, बल्कि हमारी परंपराओं, संस्कारों, आदर्शों और जीवन मूल्यों का भी स्मरण कराता है.
श्री सिंह ने कहा कि जब इस दीपोत्सव की शुरुआत की थी, तब कल्पना भी नहीं थी कि यह आयोजन इतने विराट स्वरूप में जनभागीदारी का उत्सव बन जाएगा. प्रथम वर्ष ही पूज्य संतों के आशीर्वाद और सहमति से इसे प्रतिवर्ष आयोजित करने का संकल्प लिया गया. आज जबलपुरवासियों की सहभागिता और मां नर्मदा के प्रति उनकी अगाध श्रद्धा ने इस आयोजन को एक विशिष्ट पहचान प्रदान की है. यह आयोजन केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ने का एक सामूहिक संकल्प है.
उन्होंने कहा कि हम सनातनी परंपरा को मानने वाले लोग हैं. हमारी संस्कृति में प्रत्येक शुभ कार्य का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से होता है. दीपावली हमारा सबसे बड़ा पांच दिवसीय पर्व है, जो प्रकाश, उल्लास, उत्साह और सकारात्मकता का संदेश देता है. इसी भावना के साथ मां नर्मदा के पावन तट पर दीपोत्सव आयोजित करने की परंपरा प्रारंभ की गई. जबलपुर के नागरिकों ने जिस उत्साह और आत्मीयता के साथ इसमें सहभागिता की है, उसी का परिणाम है कि आज पूरा गौरीघाट 51 हजार दीपों की रोशनी से आलोकित हुआ है.
श्री सिंह ने सभी प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मां नर्मदा से प्रार्थना की कि यह पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा जबलपुर, मध्यप्रदेश और हमारा देश निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर रहे.
*शंख ध्वनि के साथ हुआ भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ*
दीपोत्सव का शुभारंभ पूज्य संतों द्वारा शंख ध्वनि के साथ किया गया. शंखनाद से संपूर्ण नर्मदा तट भक्तिमय हो उठा. इसके पश्चात पूज्य संतों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ उपस्थित श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर मां नर्मदा के पावन तटों को दीपमालाओं से सुसज्जित किया. दीप प्रज्वलन के पश्चात मां नर्मदा अष्टक का सामूहिक पाठ एवं विधि-विधान से मां नर्मदा की महाआरती की गई. हजारों श्रद्धालुओं ने आरती में सम्मिलित होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया.
*सनातनी थीम पर आधारित लेजर शो बना आकर्षण का केंद्र*
दीपोत्सव के दौरान सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित आकर्षक लेजर शो का प्रदर्शन किया गया. रंग-बिरंगी रोशनी और आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत इस मनमोहक प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया. नर्मदा तट पर दीपों की रोशनी के बीच लेजर शो का अद्भुत संयोजन आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा.
*15 मिनट से अधिक समय तक गूंजती रही आतिशबाजी*
दीपोत्सव के समापन की ओर बढ़ते हुए आसमान में हुई रंग-बिरंगी और गगनचुंबी आतिशबाजी ने पूरे आयोजन में चार चांद लगा दिए. 15 मिनट से अधिक समय तक चली मनमोहक आतिशबाजी से आकाश जगमगा उठा. मां नर्मदा के तट पर दीपों की जगमगाहट और आसमान में आतिशबाजी का अद्भुत दृश्य उपस्थित हजारों लोगों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया.
*पूज्य संतों का मिला पावन सानिध्य एवं आशीर्वाद*
दीपोत्सव जबलपुर के इस भव्य आयोजन में जगतगुरु स्वामी डॉ. नरसिंहदेवाचार्य जी, पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद जी, पूज्य स्वामी बालगोविंदाचार्य जी, पूज्य स्वामी गिरीशानंद जी साकेत धाम, पूज्य स्वामी राजाराम जी, पूज्य चैतन्यानंद जी, पूज्य पागलानंद जी महाराजस्वामी कालीनंद जी, साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी, स्वामी अशोकानंद जी महाराज, साध्वी शिरोमणि, पं वासुदेव शास्त्री, पं तरुण चौबे जी, पूज्य मैत्री दीदी जी, संतोष शास्त्री, हनुमान दास जी, रामतीर्थ जी, आचार्य जुगल किशोर जी सहित अनेक संतो का आशीर्वाद मिला.
*18 संगठनों के साथ हर घाट पर भक्तो ने दीप प्रज्वालित किये*
इस वर्ष के दीपोत्सव आयोजन में माँ नर्मदा के सभी तटो पर शहर के विभिन्न संगठनों ने अपने पदाधिकारियों, सदस्यों एवं भक्तो ने दीप प्रजवलित किये. दीपोत्सव में गायत्री परिवार, रोटरी क्लब, प्रगतिशील ब्राह्मण महासंघ, सनातन धर्म हनुमान चालीसा, कैट संस्था, महाकौशल चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स, अधिवक्ता संघ, पॉवर ऑफ़ विमेन, कॉफ़ी हॉउस एसोसिएशन, आग्रह संस्था, सिंधु नेत्रालय, पंजाबी संघ, खेल संगठन, नाविक संघ, गौरीघाट व्यापरी संघ, नगर निगम कर्मचारी संघ, खाटू श्याम संगठन, यूनिटी संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों ने दीपोत्सव में सहभागिता की.
*जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्ध वर्ग एवं कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति*
इस अवसर पर सांसद श्री आशीष दुबे, डॉ प्रदीप दुबे, पूर्व कुलपति श्री गोविन्द मिश्र, श्रो जुगधर द्विवेदी विधायक अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संतोष बरकडे, भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू, श्री प्रशांत पोल, विनोद गोंटिया, संदीप जैन, अखिलेश जैन, जिप अध्यक्ष आशा गोंटिया, अश्वनी पराँजपे, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, प्रशांत केसरवानी, पूर्व महापौर प्रभात साहू, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रीकान्त साहू, संदीप रजक, पूर्व जिलाध्यक्ष रानू तिवारी, पूर्व विधायक हरेंद्रजीत सिंह बब्बू, नीलेश अवस्थी, पंकज दुबे, रंजीत पटेल, सोनू बचवानी, अभय सिंह ठाकुर, रजनीश यादव, कौशल सूरी, रविकिरण साहू, राममूर्ति मिश्रा, दिग्विजय सिंह, मनीष दुबे, योगेंद्र सिंह ठाकुर, कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा, एसपी श्री सम्पत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त श्री अग्रिम कुमार के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

