जबलपुर. सतना रेलवे स्टेशन पर एक बीमार यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए रेलकर्मियों, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और कुली ने समन्वित प्रयास किए. उनकी तत्परता से यात्री को तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय, सतना पहुँचाया गया.
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 01045 के जनरल कोच से उतरे करीब 25 वर्षीय यात्री शिवम गुप्ता को तेज दर्द हो रहा था. इसकी सूचना उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) को मिलते ही रेल प्रशासन सक्रिय हुआ. मौके पर पहुँचे रेलकर्मियों ने आरपीएफ स्टाफ के साथ मिलकर यात्री को कुली की मदद से प्लेटफॉर्म नंबर 3 से प्लेटफॉर्म नंबर 1 तक पहुँचाया.
इसके बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर आरपीएफ के संरक्षण में यात्री को जिला चिकित्सालय भेजा गया. रेलकर्मियों, आरपीएफ और कुली के संयुक्त प्रयासों से यात्री को बिना देरी अस्पताल पहुँचाने की व्यवस्था की गई.
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी की तबीयत बिगड़ने या आपात स्थिति में तत्काल रेलवे कर्मचारियों, आरपीएफ अथवा हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

