बिलासपुर. रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले लोगों के लिए भोजपुरी टोल प्लाजा पर सुविधाओं का विस्तार किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल परिसर को आधुनिक स्वरूप देते हुए नया दो मंजिला प्रशासनिक भवन और अत्याधुनिक कंट्रोल रूम तैयार किया है। इसके साथ ही टोल परिसर में आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। नई सुविधाओं का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर यातायात व्यवस्था, कम प्रतीक्षा समय और आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर स्थित भोजपुरी टोल प्लाजा से प्रतिदिन बड़ी संख्या में निजी और व्यावसायिक वाहन गुजरते हैं। यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए यहां बुनियादी ढांचे और तकनीकी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया है। टोल की सभी फास्टैग लेन की क्षमता बढ़ाई गई है, जिससे वाहनों के आवागमन को अधिक सुचारु बनाया जा सके।
नए कंट्रोल रूम से होगी चौबीसों घंटे निगरानी
टोल परिसर में बनाए गए नए प्रशासनिक भवन में केंद्रीयकृत कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम, बड़ी डिस्प्ले स्क्रीन और हाईटेक कैमरों के माध्यम से सभी टोल लेन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। फास्टैग रीडर, सर्वर और बूम बैरियर की कार्यप्रणाली पर तकनीकी टीम नजर रखेगी। किसी भी तरह की तकनीकी समस्या आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी।
वाहनों की कतार पर रहेगी नजर, घटेगा इंतजार
नए कंट्रोल रूम की एक बड़ी खासियत यह है कि यहां से टोल की प्रत्येक लेन में वाहनों की स्थिति देखी जा सकेगी। व्यस्त समय में किसी लेन पर वाहनों की संख्या बढ़ने पर यातायात प्रबंधन में तुरंत बदलाव किया जा सकेगा। इससे टोल पर लगने वाली लंबी कतारों को नियंत्रित करने और यात्रियों का समय बचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
दुर्घटना में तत्काल पहुंचेगी लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस
हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया गया है। भोजपुरी टोल प्लाजा पर हेल्पलाइन नंबर 1033 से जुड़ी एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा हाईवे पर पेट्रोलिंग टीम भी लगातार सक्रिय रहेगी।
सड़क दुर्घटना, वाहन खराब होने या किसी अन्य आपात स्थिति में यात्रियों को मौके पर ही चिकित्सा और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इन व्यवस्थाओं से रायपुर-बिलासपुर के बीच यात्रा करने वाले लोगों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिलने की उम्मीद है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

