दीपावली की रात कबरा हाथी का खूनी तांडव, दो और ग्रामीणों की मौत; अब तक 16 लोगों की ले चुका है जान

दीपावली की रात कबरा हाथी का खूनी तांडव, दो और ग्रामीणों की मौत; अब तक 16 लोगों की ले चुका है जान

प्रेषित समय :17:02:35 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में एक अकेले हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. स्थानीय स्तर पर 'कबरा' के नाम से पहचाने जाने वाले इस हाथी ने दीपावली की रात सूरजपुर जिले में दो और लोगों को कुचलकर मार डाला. त्योहार के जश्न के बीच हुई इन घटनाओं से दो परिवारों में मातम पसर गया. इस हाथी के हमलों में अब तक 16 लोगों की जान जा चुकी है. ताजा घटनाओं के बाद इलाके के ग्रामीणों में दहशत के साथ वन विभाग के प्रति नाराजगी भी बढ़ गई है.

सोनगरा और बतरा क्षेत्र में दो लोगों की मौत

जानकारी के मुताबिक, पिछले कई महीनों से सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के सीमावर्ती इलाकों में घूम रहा यह हाथी पहली बार सूरजपुर जिले के नए क्षेत्र में पहुंचा. अंबिकापुर-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगरा के नजदीक श्यामनगर में हाथी ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे कुचल दिया. इसके बाद वह लटोरी और बतरा की ओर बढ़ गया. यहां बतरा के समीप राई गांव के पास एक अन्य व्यक्ति को भी हाथी ने कुचलकर मार डाला.

अब तक 16 लोगों की जा चुकी है जान

कबरा हाथी पिछले कुछ समय से लगातार जनहानि कर रहा है. पिछले सप्ताह ही सूरजपुर जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में इसने दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया था. अब दीपावली की रात हुई दो नई घटनाओं के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है. अकेले विचरण करने के कारण हाथी तेजी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचता है. इससे वन विभाग की टीम के लिए उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखना चुनौती बना हुआ है.

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग पर उठे सवाल

लटोरी और बतरा क्षेत्र में आमतौर पर हाथियों की आवाजाही कम रहती है. ऐसे में ग्रामीणों को हाथियों से बचाव के पर्याप्त तरीके और सावधानियों की जानकारी नहीं थी. अचानक कबरा हाथी के पहुंचने और दो लोगों की मौत के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है.

ग्रामीणों ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि दीपावली की रात हाथी की गतिविधियों की जानकारी समय पर लोगों तक नहीं पहुंचाई गई. ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथी की लोकेशन की जानकारी नियमित रूप से मुनादी और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से साझा की जाए, ताकि लोग समय रहते सतर्क हो सकें.

ट्रेंकुलाइज करने का प्रस्ताव अब भी लंबित

सूरजपुर के वन मंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है. उनका कहना है कि हाथी को जल्द ट्रेंकुलाइज कर नियंत्रित करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, इसके लिए शासन को भेजा गया प्रस्ताव अभी तक स्वीकृत नहीं हुआ है.

रेडियो कॉलर लगाने की योजना पर भी इंतजार

वन विभाग की योजना इस हाथी की गतिविधियों पर बेहतर निगरानी रखने के लिए उसे रेडियो कॉलर लगाने की भी है. इसके साथ ही उसके आक्रामक व्यवहार को नियंत्रित करने के लिए वैज्ञानिक उपायों पर विचार किया जा रहा है. लेकिन शासन स्तर से अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है.

वन मंत्री केदार कश्यप ने भी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को हाथी के प्रबंधन के निर्देश दिए हैं. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है. ऐसे में ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है और क्षेत्र में हाथी के अगले मूवमेंट को लेकर वन विभाग के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-