पद्मश्री सितार वादक पंडित मणिलाल नाग का निधन, 88 वर्ष की उम्र में कोलकाता में ली अंतिम सांस

पद्मश्री सितार वादक पंडित मणिलाल नाग का निधन, 88 वर्ष की उम्र में कोलकाता में ली अंतिम सांस

प्रेषित समय :11:59:05 AM / Tue, Nov 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कोलकाता. पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात सितार वादक पंडित मणिलाल नाग का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने सोमवार देर रात कोलकाता में अंतिम सांस ली. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की जानकारी दी और इसे एक युग का अंत बताया.

मुख्यमंत्री अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पंडित मणिलाल नाग की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत की महान विभूति बताया. उन्होंने कहा कि पंडित नाग पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक विष्णुपुर घराने के प्रमुख प्रतिनिधि थे. ध्रुपद शैली की समृद्ध परंपरा से जुड़े उनके सितार वादन ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई.

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि संगीत के प्रति उनका समर्पण, सितार वादन में असाधारण दक्षता और नई पीढ़ी को संगीत सिखाने का जुनून उन्हें विशिष्ट बनाता था. उन्हें पद्मश्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया था. उनके निधन से पश्चिम बंगाल और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है.

16 अगस्त 1939 को पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में जन्मे पंडित मणिलाल नाग विष्णुपुर घराने की करीब 400 साल पुरानी संगीत परंपरा के प्रमुख संवाहकों में शामिल थे. उन्हें सितार वादन की शुरुआती शिक्षा अपने पिता और गुरु संगीताचार्य गोकुल चंद्र नाग से मिली थी.

भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके योगदान के लिए वर्ष 2020 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था. वह विष्णुपुर घराने के पहले ऐसे संगीतकार थे, जिन्हें यह सम्मान मिला. उन्होंने पांच दशकों से अधिक समय तक आकाशवाणी के लिए सितार वादन किया और अपनी कला के माध्यम से घराने की परंपरा को आगे बढ़ाया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-