जबलपुर. एमपी के जबलपुर में सिहोरा स्थित मझौली के सुहजनी गांव में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ ग्रामीण महिलाओं ने मंगलवार दोपहर मझौली थाने का घेराव किया. महिलाएं और बच्चियां हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचीं और विरोध जताया. सुहजनी गांव की पहचान धार्मिक स्थल सुहजनी वाली माता के नाम से भी है.
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब बिक रही है. उनके मुताबिक, इससे सामाजिक माहौल खराब हो रहा है और कई परिवारों को परेशानी हो रही है. महिलाओं का आरोप है कि जिम्मेदार विभागों को इस समस्या की जानकारी है, फिर भी कार्रवाई नहीं की जा रही. उन्होंने कहा कि इससे शराब बेचने वालों के हौसले बढ़ रहे हैं.
महिलाओं ने पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उन्होंने गांव में अवैध शराब की बिक्री रोकने और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. प्रदर्शन में आशा बाई चौधरी, रामकेश बाई चौधरी, मुन्नी बाई चौधरी, रामवती बाई चौधरी, मोना बाई, राखी बाई और रेखा बाई सहित कई महिलाएं शामिल रहीं. ग्रामीण अब पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

