पुलिस लाइन के क्वार्टर संदिग्ध हालत में मिली आरक्षक की लाश, सिविल लाइन क्षेत्र में घटना से सनसनी

पुलिस लाइन के क्वार्टर संदिग्ध हालत में मिली आरक्षक की लाश, सिविल लाइन क्षेत्र में घटना से सनसनी

प्रेषित समय :03:50:41 AM / Wed, Nov 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित सिविल लाइन क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस लाइन परिसर के एक सरकारी क्वार्टर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में आरक्षक सुरेश चौधरी का शव मिला। घटना के सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। खबर मिलते ही सिविल लाइन पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय मेडिकल अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाओं का माहौल रहा। 
                               बताया गया है कि पिछले दो दिनों से आरक्षक के क्वार्टर का दरवाजा अंदर से पूरी तरह बंद था और भीतर से कोई भी आहट या प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी। जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास के पड़ोसियों को अनहोनी की गहरी आशंका सताने लगी। इसके बाद सतर्क पड़ोसियों ने क्वार्टर की खिड़की की ग्रिल तोड़ी और अंदर झांका। अंदर का मंजर देख सबकी आंखें फटी की फटी रह गईं। आरक्षक सुरेश चौधरी का शव संदिग्ध अवस्था में फर्श पर पड़ा हुआ था। आनन-फानन में इस भयानक घटना की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भूचाल आ गया और आला अधिकारी तुरंत दल-बल के साथ मौके पर दौड़ पड़े। 
घर पर अकेले थे आरक्षक, परिवार गया था गांव-
जांच में यह चौकाने वाला तथ्य सामने आया है कि घटना के वक्त आरक्षक अपने घर पर बिल्कुल अकेले थे। दीपावली के इस बड़े त्योहार पर उनका पूरा परिवार गांव गया हुआ था। सूने घर का फायदा उठाकर आखिर ऐसा क्या हुआ कि हंसता-खेलता परिवार एक झटके में मातम में डूब गया? क्या यह कोई सोची-समझी साजिश है या फिर इसके पीछे कोई गहरा राज दफन है? पुलिस अब इन तमाम पहलुओं को खंगालने में जुटी हुई है।
जहर या कुछ और,पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी राज
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती तौर पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके पर ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है जिससे जहर या किसी अन्य जहरीली वस्तु के सेवन की पुष्टि हो सके। आखिर आरक्षक की मौत किन और किन परिस्थितियों में हुई? क्या यह आत्महत्या है या फिर किसी ने शातिराना अंदाज में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है? इन सारे सवालों के जवाब अब केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मिल सकेंगे। फिलहाल, जबलपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम इस अंधे कत्ल या रहस्यमय मौत के हर एक पन्ने को पलटने में दिन-रात एक कर रही है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-