जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित भरतीपुर बड़ी ओमती क्षेत्र में देर रात वाहन पार्किंग को लेकर उडिय़ा व सोनकर समाज के बीच टकराव हो गया। देखते ही देखते दोनों ही पक्षों के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए, जिन्होने एक दूसरे पर पथराव व बम फेंकना शुरु कर दिया। अचानक हुए टकराव के बाद क्षेत्र में भगदड़ व अफरातफरी मच गई। खबर मिलते ही भारी संख्या में पुलिस अधिकारी बल के साथ पहुंच गए, जिन्होने दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराया, इसके बाद लोग थाना पहुंच गए और हंगामा करते हुए कार्यवाही की मांग करने लगे।
घटना की खबर फैलते ही उडिय़ा और यादव समाज के सैकड़ों आक्रोशित लोग लामबंद होकर आधी रात को ही ओमती थाने पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर जोरदार हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बेखौफ होकर अवैध नशे का काला कारोबार चलाया जा रहा है। इसी अवैध नशे के सिंडिकेट और सिरफिरे असामाजिक तत्वों के कारण आए दिन इलाके की शांति भंग होती है और आए दिन लहूलुहान करने वाले विवाद खड़े होते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल तत्काल मौके पर और थाने पहुंचा। सीएसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। विवाद में घायल हुए लोगों को फौरन इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया गया। सीएसपी के अनुसार, पीडि़त पक्ष की शिकायत पर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, इलाके में बम चलने के दावों पर सीएसपी ने साफ किया कि इन चर्चाओं की सत्यता की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ओमती के भरतीपुर क्षेत्र में पार्किंग को लेकर दो गुटों के बीच टकराव, पथराव, बमबाजी से दहला क्षेत्र
प्रेषित समय :03:45:02 AM / Wed, Nov 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



