जबलपुर। एमपी के जबलपुर में गढ़ा थानाक्षेत्र में रहने वाले सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी अमरेन्द्र कुमार सिन्हा के साथ बैंक खाता अपडेट करने के नाम पर 6,20,300 रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सायबर ठगी का शिकार हुए सेवानिवृत अधिकारी थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार गढ़ा क्षेत्र निवासी अमरेन्द्र कुमार सिन्हा के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉलर ने खुद को इंडियन ओवरसीज बैंक, चेन्नई शाखा का मैनेजर 'अग्रवाल' बताया। शातिर ठग ने मोबाइल बैंकिंग चालू रखने के लिए जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करने का झांसा दिया। बुजुर्ग ने पहले तो मना कर फोन काट दिया, लेकिन इसके बाद ठग ने उनके व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेज दी। जैसे ही बुजुर्ग ने उस फाइल को डाउनलोड किया, ठग ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल किया। कॉल पर केवल आवाज आ रही थी और चेहरा छिपा हुआ था। ठग के बहकावे में आकर बुजुर्ग ने फाइल खोली और उसमें अपना नाम, पीपीओ नंबर, एटीएम कार्ड नंबर, एटीएम पिन, जन्म तिथि और आधार कार्ड नंबर सुरक्षित रूप से रेडैक्टेड जैसी जानकारियां दर्ज कर दीं। ठग ने सुबह 10 बजे लॉगिन कराने का झांसा देकर फोन काट दिया। दूसरे दिन सुबह करीब 5 बजे अमरेन्द्र सिन्हा के मोबाइल पर रुपए कटने के मैसेज आने लगे। अमरेन्द्र कुमार सिन्हा के इंडियन ओवरसीज बैंक खाते से 4,33,000 रुपए, बेटी रानी सिन्हा के ज्वॉइंट खाते से 1,30,000 रुपए व बेटे आलेख सिन्हा के ज्वॉइंट खाते से 57,300/- साफ हो गए। इस तरह कुल 6,20,300 रुपए साइबर ठगों के खातों में ट्रांसफर हो गए। पुलिस ने अमरेन्द्र सिन्हा की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर सायबर ठगों की तलाश शुरु कर दी है।
बैंक मैनेजर बनकर सायबर ठगों ने रिटायर्ड बैंक अधिकारी से 6.20 लाख रुपए हड़पे
प्रेषित समय :04:09:37 AM / Wed, Nov 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



