पलामू. झारखंड के पलामू जिले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक नरेश प्रसाद सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गांव जा रहे थे. रास्ते में धुरिया नदी पड़ने पर उन्होंने खुद पानी में उतरने के बजाय एक ग्रामीण के कंधे पर बैठकर नदी पार करने की कोशिश की. इसी दौरान ग्रामीण का संतुलन बिगड़ा और विधायक समेत दोनों पानी में गिर पड़े.
घटना पलामू जिले की घासीदाग पंचायत की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, नदी पार करते समय तेज बहाव और पत्थरों के कारण विधायक को कंधे पर उठाकर चल रहे व्यक्ति का पैर फिसल गया. हालांकि, पानी अधिक गहरा नहीं होने से किसी को गंभीर चोट नहीं आई. आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को संभाल लिया.
जूता उठाकर चलते व्यक्ति का वीडियो भी वायरल
घटना के वीडियो में एक अन्य व्यक्ति विधायक के जूते हाथ में लेकर चलता दिखाई दे रहा है. इस दृश्य को लेकर भी सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं. घासीदाग पंचायत की मुखिया अंजू देवी ने विधायक के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए इसे सामंती मानसिकता का प्रतीक बताया. उनका कहना है कि जब नदी में घुटने तक पानी था, तब विधायक खुद भी नदी पार कर सकते थे. ऐसे में ग्रामीण के कंधे पर बैठकर नदी पार करना और दूसरे व्यक्ति से जूते उठवाना उचित नहीं है.
पुल की मांग वर्षों से लंबित, ग्रामीणों में नाराजगी
वीडियो वायरल होने के बाद धुरिया नदी पर पुल निर्माण का पुराना मुद्दा भी फिर चर्चा में आ गया है. ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों के मुताबिक, नदी पर पुल बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है. इसके लिए कई बार ज्ञापन और आंदोलन भी हुए, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ. ग्रामीणों का कहना है कि पुल नहीं होने से स्कूली बच्चों, मरीजों और अन्य लोगों को नदी पार करने में परेशानी होती है. बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है. ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से सवाल किया है कि जब वर्षों से पुल की मांग पूरी नहीं हुई, तो गांव पहुंचने के लिए उन्हें खुद भी इसी नदी को पार करना पड़ रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

