असम में ट्रक-ट्रैवलर की भीषण टक्कर, 23 लोगों की मौत; कई घायल, अधिकांश यात्री कॉलेज के छात्र

असम में ट्रक-ट्रैवलर की भीषण टक्कर, 23 लोगों की मौत; कई घायल, अधिकांश यात्री कॉलेज के छात्र

प्रेषित समय :18:14:42 PM / Fri, Nov 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

गोलाघाट. असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर ट्रक और ट्रैवलर वाहन की आमने-सामने की टक्कर में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और राहत दलों ने बचाव कार्य शुरू कर घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं. दोनों वाहनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं. दुर्घटनाग्रस्त ट्रक कर्नाटक के पंजीकरण नंबर वाला बताया गया है.

दो मृतकों की पहचान

रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में 20 वर्षीय अतुल बोरा और 20 वर्षीय अरुण कुमार की पहचान हुई है. अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है. पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि काजीरंगा में हुई दुर्घटना से वह स्तब्ध हैं. हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-