दिल्ली पुलिस की नई SOP का ड्राफ्ट तैयार, रामलीला मैदान में 50 हजार से ज्यादा की भीड़ पर रोक का प्रस्ताव

दिल्ली पुलिस की नई SOP का ड्राफ्ट तैयार, रामलीला मैदान में 50 हजार से ज्यादा की भीड़ पर रोक का प्रस्ताव

प्रेषित समय :11:58:13 AM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. दिल्ली के रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन, रैली और सार्वजनिक सभाओं के आयोजन के लिए नए नियम प्रस्तावित किए गए हैं. दिल्ली पुलिस ने इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का ड्राफ्ट तैयार किया है. इसके तहत मैदान में एक समय में अधिकतम 50 हजार लोगों की भीड़ जुटाने की अनुमति होगी. वहीं, कार्यक्रमों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की समयसीमा निर्धारित की गई है.

नई व्यवस्था का उद्देश्य मध्य दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में होने वाले बड़े आयोजनों को सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के दायरे में लाना है. हालांकि, किसी कार्यक्रम में वास्तविक रूप से कितने लोगों को शामिल होने की अनुमति मिलेगी, इसका फैसला सक्षम अधिकारी कार्यक्रम की प्रकृति, संभावित भीड़ और सुरक्षा इंतजामों के आधार पर करेंगे.

जंतर-मंतर के बाद तीन वैकल्पिक स्थल तय

यह कदम दिल्ली पुलिस के अक्टूबर में लिए गए उस फैसले के बाद उठाया गया है, जिसमें जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शनों के स्थल के रूप में हटाकर तीन वैकल्पिक स्थान तय किए गए थे. इनमें रामलीला मैदान के अलावा बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान शामिल हैं.

आयोजन से 10 दिन पहले करना होगा आवेदन

प्रस्तावित SOP के मुताबिक, आयोजकों को पुलिस से अनुमति मांगने से पहले दिल्ली नगर निगम (MCD) से मैदान की उपलब्धता की पुष्टि करानी होगी. कार्यक्रम के लिए सामान्य तौर पर कम से कम 10 दिन पहले आवेदन करना अनिवार्य होगा. भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी भी आयोजकों की होगी. उन्हें ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय, पार्किंग, लोगों के आने-जाने के लिए निर्धारित रास्तों और आपातकालीन मार्गों को बाधामुक्त रखने की व्यवस्था करनी होगी.

हथियार और ज्वलनशील वस्तुओं पर रोक

सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर ज्वलनशील पदार्थ, तलवार, भाले, नुकीली वस्तुएं और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी. रामलीला मैदान और उसके आसपास ड्रोन उड़ाने के लिए भी पूर्व अनुमति लेना जरूरी होगा. इसके अलावा आयोजकों को पीने के पानी, चिकित्सा सहायता, साफ-सफाई और कचरे के उचित निपटान की व्यवस्था करनी होगी.

मंजूरी के बाद लागू होगी SOP

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि SOP का ड्राफ्ट मंजूरी के लिए पुलिस मुख्यालय भेजा गया है. फिलहाल यह प्रस्ताव शुरुआती चरण में है. सक्षम अधिकारियों की जांच और जरूरी मंजूरियों के बाद इसे अंतिम रूप देकर लागू किया जाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-