MP- खरगोन में 4.5 तीव्रता का भूकंप, खंडवा-बुरहानपुर समेत कई जिलों में महसूस हुए झटके

MP- खरगोन में 4.5 तीव्रता का भूकंप, खंडवा-बुरहानपुर समेत कई जिलों में महसूस हुए झटके

प्रेषित समय :14:27:46 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

खरगोन. मध्यप्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में शनिवार सुबह भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई. सुबह करीब 9:15 बजे खरगोन में धरती कांपने से लोग घरों से बाहर निकल आए. भूकंप के झटके खंडवा और बुरहानपुर सहित आसपास के इलाकों में भी महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई.

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, 14 नवंबर को सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकंड पर भूकंप दर्ज किया गया. इसका केंद्र खरगोन क्षेत्र में 21.59 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.552 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था. भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है.

खंडवा से 88 किलोमीटर दूर था केंद्र

कृषि एवं मौसम विशेषज्ञ डॉ. सौरव गुप्ता के अनुसार, भूकंप का केंद्र खंडवा जिला मुख्यालय से करीब 88 किलोमीटर दूर धौलकोट-कुंडिया क्षेत्र (खरगोन) में था. यह स्थान धार जिले के धामनोद से करीब 69 किलोमीटर दक्षिण और इंदौर से लगभग 129 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है. भूकंप की तीव्रता 4.5 दर्ज की गई. विशेषज्ञों ने अगले दो से तीन दिन सतर्क रहने की सलाह दी है.

बुरहानपुर में भी महसूस हुए झटके

खरगोन के अलावा खंडवा और बुरहानपुर के शहरी तथा ग्रामीण इलाकों में भी धरती में कंपन महसूस किया गया. सुबह करीब 9:15 बजे आए झटकों के बाद कई जगह लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए. हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है.

पहले भी कई बार कांपी धरती

मालवा-निमाड़ के खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर और बड़वानी सहित आसपास के क्षेत्रों में पहले भी भूकंप के झटके दर्ज किए जा चुके हैं. खंडवा में 21 जून 2024 को सुबह 9:04 बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप आया था. इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था. पंधाना क्षेत्र में भी इसके झटके महसूस किए गए थे. इसके बाद 12 सितंबर 2025 को सुबह करीब 8:46 बजे खंडवा में 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था. इसका केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे था. इससे पहले 4 जून 2025 की रात करीब 9:57 बजे खंडवा, बुरहानपुर और नेपानगर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. उस समय भूकंप की तीव्रता 3.8 मापी गई थी. इसका केंद्र खंडवा से करीब 66 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश सीमा के पास अमरावती के नजदीक बताया गया था.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-