बिलासपुर. बिजली के जोखिमपूर्ण कार्यों में लगे ठेका श्रमिकों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. विद्युत दुर्घटनाओं में श्रमिकों की मौत और सुरक्षा इंतजामों की कमी का आरोप लगाते हुए छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका मजदूर संघ ने शुक्रवार को तिफरा स्थित बिजली वितरण कंपनी के मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया. संघ ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कार्यस्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की.
प्रदर्शनकारी श्रमिकों ने कहा कि बिजली का काम बेहद संवेदनशील और जोखिमपूर्ण होता है. इसके बावजूद कई स्थानों पर ठेका श्रमिकों से पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षित पर्यवेक्षक और जरूरी संसाधनों के बिना काम कराया जा रहा है. संघ ने चेतावनी दी कि श्रमिकों की जान जोखिम में डालकर काम कराने की व्यवस्था बंद होनी चाहिए.
कुरेली सब स्टेशन हादसे के बाद बढ़ा आक्रोश
संघ के विरोध का प्रमुख कारण 31 अक्टूबर को कुरेली सब स्टेशन में हुई दुर्घटना बताई गई. यहां काम के दौरान ऑपरेटर अमन साहू की विद्युत हादसे में मौत हो गई थी. संघ ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे सुरक्षा और रखरखाव में लापरवाही के साथ ठेकेदार की ओर से आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराना भी जिम्मेदार है.
प्रदर्शन के दौरान मृतक कर्मचारी के परिवार को उचित मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को बिजली कंपनी में नौकरी देने की मांग भी उठाई गई. श्रमिकों ने कहा कि एक कर्मचारी की मौत से उसका परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट में आ गया है.
सुरक्षा उपकरण और शटडाउन नियम लागू करने की मांग
छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका मजदूर संघ ने ज्ञापन में ठेका श्रमिकों के लिए कई जरूरी सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की. इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
-
सभी श्रमिकों को ISI और BIS मानकों वाले हेलमेट, सेफ्टी शूज, इंसुलेटेड दस्ताने, सेफ्टी बेल्ट, हार्नेस और फेस शील्ड निशुल्क उपलब्ध कराए जाएं.
-
बिजली लाइनों, ट्रांसफॉर्मर और उपकेंद्रों में काम शुरू करने से पहले शटडाउन और लिखित परमिट-टू-वर्क की व्यवस्था अनिवार्य हो.
-
काम शुरू करने से पहले विद्युत आपूर्ति बंद कर लॉकआउट-टैगआउट प्रक्रिया अपनाई जाए.
-
संबंधित लाइन या उपकरण की उचित अर्थिंग की जाए और टेस्टिंग उपकरण से बिजली प्रवाह नहीं होने की पुष्टि की जाए.
-
सभी विद्युत उपकेंद्रों, वितरण लाइनों और कार्यस्थलों का नियमित सुरक्षा ऑडिट कराया जाए.
-
दुर्घटना की स्थिति में घायल श्रमिक को तत्काल चिकित्सा सुविधा और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था हो.
-
कंपनी में कार्यरत ठेका श्रमिकों को नियमानुसार बोनस का भुगतान किया जाए.
बड़ी संख्या में श्रमिक पहुंचे मुख्य अभियंता कार्यालय
बिजली वितरण कंपनी के अंतर्गत 33/11 केवी उपकेंद्रों, विद्युत लाइनों और वितरण व्यवस्था से जुड़े कार्यों में बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक काम करते हैं. संघ का कहना है कि इन कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बिजली कंपनी और संबंधित ठेकेदारों की जिम्मेदारी है.
प्रदर्शन में मुकेश मरावी, पोखन जायसवाल, गुलशन श्रीवास, संजय मरावी, संजय यादव, सुनील जायसवाल, अजय बर्गह, रतन जायसवाल, हीरा प्रकाश, तिलक राम सिदार, किशोर गांगुली और दिनेश सहित अन्य श्रमिक शामिल हुए.
संघ ने मांग की कि बिजली से जुड़े सभी कार्यों में सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

