बैंकॉक. थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थल फुकेट में भीषण अग्निकांड में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए. आग एक व्यावसायिक इमारत में लगी और तेजी से फैलते हुए आसपास की कई इमारतों तक पहुंच गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
थाई अधिकारियों के मुताबिक, आग तड़के करीब 3:17 बजे एक कमर्शियल शॉपहाउस में लगी. इस इमारत में वाहन किराये पर देने का कारोबार संचालित होता था. आग ने देखते ही देखते आसपास की कई इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलने पर दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल 16 लोगों में 15 थाई नागरिक और एक म्यांमार का नागरिक शामिल है. पुलिस के अनुसार, मृतकों और घायलों में कोई विदेशी पर्यटक शामिल नहीं है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. मामले की जांच की जा रही है.
यह इमारत फुकेट के पश्चिमी तट पर स्थित पटोंग बीच के नजदीक रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र में है. पटोंग बीच थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है. पर्यटन क्षेत्र के नजदीक हुए इस हादसे ने व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों पर चिंता बढ़ा दी है.
गौरतलब है कि करीब चार महीने पहले बैंकॉक के एक बार में भी भीषण आग लगी थी. उस घटना में कम से कम 27 लोगों की मौत हुई थी. थाईलैंड में लगातार सामने आ रहे अग्निकांडों ने सार्वजनिक और व्यावसायिक इमारतों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


