जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल में रेल पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों की सुविधा के लिए संचालित डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC 5.0) अभियान के तहत अब तक 2,333 प्रमाण पत्र तैयार किए जा चुके हैं. यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा.
मंडलवार आंकड़ों के अनुसार, भोपाल मंडल में 672, कोटा मंडल में 568 और जबलपुर मंडल में 541 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए हैं. वहीं, पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय में 525 और वैगन रिपेयर शॉप, कोटा में 27 प्रमाण पत्र तैयार किए गए हैं.
अभियान के तहत मुख्यालय, तीनों मंडलों और संबंधित इकाइयों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं. इनमें पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने में तकनीकी सहायता देने के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है.
विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे शिविर
पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय में समाधान केंद्र और केंद्रीय चिकित्सालय में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. जबलपुर मंडल में उमंग सामुदायिक भवन, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के समाधान केंद्र के अलावा कटनी, सतना, नरसिंहपुर, ब्यौहारी, दमोह, सागर और पिपरिया में शिविर लगाए जा रहे हैं.भोपाल मंडल में मंडल रेल चिकित्सालय निशातपुरा, पॉलीक्लीनिक हबीबगंज, बीना, गुना और इटारसी के चिकित्सा संस्थानों के साथ भोपाल, इटारसी, बीना, गुना और हरदा रेलवे स्टेशनों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.
इसी तरह कोटा मंडल के विभिन्न स्टेशनों और कार्यालयों में निर्धारित तिथियों पर शिविर लगाए जा रहे हैं. मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय कोटा, सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में मेगा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. पेंशन संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए कोटा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में विशेष हेल्प डेस्क भी बनाई गई है.
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
शिविर में आने वाले पेंशनरों को आधार कार्ड, मूल पेंशन भुगतान आदेश (PPO), बैंक पासबुक और आधार से लिंक सक्रिय मोबाइल फोन साथ लाने होंगे. पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने सभी रेल पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर अभियान का लाभ उठाने की अपील की है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

