जबलपुर. मध्य प्रदेश के संस्कारधानी जबलपुर में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ ऐसा ताबड़तोड़ चक्रव्यूह रचा कि तस्करों के होश उड़ गए. शहर के दो अलग-अलग थानों—भेड़ाघाट और घमापुर—की पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों के अवैध मादक पदार्थ गांजे का जखीरा बरामद किया है. इस सनसनीखेज कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबारियों में भारी हड़कंप मच गया है.
भेड़ाघाट: लावारिस स्कार्पियो से निकला 68 लाख का खजाना!
पहली और सबसे बड़ी कार्रवाई थाना भेड़ाघाट क्षेत्र के अंतर्गत हुई. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चौकीताल नहर के पास एक संदिग्ध वाहन खड़ा है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमलेश चौरिया और उनकी टीम मौके पर जा पहुंची.
चौकीताल लम्हेटा मोड़ के पास कच्चे रास्ते पर एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्कार्पियो लावारिस हालत में खड़ी मिली. जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो दंग रह गए. स्कार्पियो की पिछली सीट का कांच टूटा हुआ था और बाएं तरफ का टायर भी फटा हुआ था. गाड़ी की डिक्की खोलते हीवानों के होश उड़ गए—वहां खाकी रंग के टेप से लिपटे हुए 12 बड़े पैकेट रखे मिले, जिनमें भारी मात्रा में अवैध गांजा भरा हुआ था.
जब एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गांजे की तौल की गई, तो कुल 136 किलो 84 ग्राम गांजा निकला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 68 लाख 42 हजार रुपए आंकी गई है. चौंकाने वाली बात यह है कि स्कार्पियो के अंदर से एक नंबर प्लेट भी बरामद हुई, जिस पर UP 57 CC 7869 लिखा हुआ था. पुलिस ने वाहन और गांजे को ज़ब्त कर फरार तस्कर की तलाश तेज कर दी है.
घमापुर: महिला तस्कर के घर से मिला अवैध गांजा
दूसरी कार्रवाई थाना घमापुर क्षेत्र के अंतर्गत चांदमारी तलैया टेस्टिंग रोड पहाड़ के पास हुई. थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक महिला अवैध रूप से गांजा बिक्री करने की फिराक में है.
पुलिस ने तुरंत दबिश दी. पुलिस को देखते ही एक महिला घबराकर भागने लगी, जिसे सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दबोच लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम रीता कुचबंधिया (उम्र 40 वर्ष, निवासी लालमाटी चांदमारी) बताया. जब उसके घर की तलाशी ली गई, तो कमरे में रखी अलमारी के अंदर एक सफेद थैले में पुड़ियों में छिपाकर रखा गया 1 किलो 7 ग्राम गांजा (कीमत करीब 50 हजार रुपए) बरामद हुआ. पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

