जबलपुर. बहुजन चेतना विकास मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम मेहरा पर70 से 80 लोगों ने हमला कर दिया. इस घटना में उन्हें चोट आई, जबकि उनकी गाडिय़ों में भी तोडफ़ोड़ की गई.
हमले के विरोध में मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने आज डीआईजी के नाम एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान करने के लिए टीम जुटी हुई है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मेहरा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेमराज मेहरा ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रविवार को राधेश्याम मेहरा कार्यकर्ताओं के साथ नरसिंहपुर जा रहे थे. बेलखेड़ा से आगे मेरेगांव के पास नरसिंहपुर की ओर से 100 से अधिक लोग बिना नंबर की गाडिय़ों में सवार होकर आए.
उन्होंने राधेश्याम और उनके साथियों को रोककर मारपीट की. साथ ही गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ की और 15 से अधिक राउंड फायरिंग की. घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया. खेमराज मेहरा के अनुसार, अचानक हुए हमले से राधेश्याम और उनके साथी घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे. इसी दौरान बेलखेड़ा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राधेश्याम को हमलावरों से छुड़ाकर अपने साथ ले गई. खेमराज का कहना है कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ी घटना हो सकती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि हथियारों से लैस हमलावरों ने काफी दूर तक उनका पीछा भी किया.
5 दिन पहले पुलिस को दी थी हमले की आशंका की सूचना-
खेमराज मेहरा ने बताया कि स्थानीय पुलिस के साथ आईजी और डीआईजी को भी लिखित शिकायत दी गई है. इसमें हमलावरों के नरसिंहपुर जिले के कुछ लोगों से जुड़े होने की बात कही गई है. राधेश्याम ने घटना से 5 दिन पहले जबलपुर पुलिस और एलआईबी को शिकायत देकर अपनी जान को खतरा बताया था. उन्होंने आशंका जताई थी कि उन पर कभी भी प्राणघातक हमला हो सकता है. खेमराज का आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने शिकायत पर ध्यान नहीं दिया.
मुंगवानी में आदिवासियों की जमीन पर कब्जे का मुद्दा उठाया था-
खेमराज मेहरा ने हमले की वजह बताते हुए कहा कि 5 दिन पहले नरसिंहपुर जिले के ग्राम मुंगवानी में एक सभा हुई थी. इसमें स्थानीय भूमाफिया से परेशान ग्रामीणों के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस दौरान राधेश्याम ने आदिवासियों की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आवाज उठाई थी. कार्यक्रम में पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे.
राधेश्याम ने मुख्यमंत्री से की शिकायत-
बताया गया कि घटना के बाद अज्ञात लोगों ने राधेश्याम मेहरा का हरियाणा नंबर की गाड़ी में अपहरण कर लिया था. हालांकि, पुलिस का कहना था कि उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाया गया है. सोमवार को राधेश्याम परिवार के साथ भोपाल पहुंचे और मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत दी. उनका कहना है कि अगर वे जबलपुर जाते हैं तो उनकी हत्या की जा सकती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

