जबलपुर. शहर में बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने के लिए बिजली विभाग ने अभियान तेज कर दिया है. बड़े बकायादारों के कनेक्शन काटने के साथ बिजली चोरी के मामलों में भी कार्रवाई की जा रही है. रविवार से मंगलवार तक चले अभियान में अलग-अलग संभागों में 132 बिजली कनेक्शन काटे गए. वहीं, उपभोक्ताओं से मौके पर 10 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा कराई गई.
रविवार और सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान 22 उपभोक्ताओं पर 16.14 लाख रुपये बकाया मिलने पर उनके कनेक्शन काटे गए. कार्रवाई के दौरान 14 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही 8.24 लाख रुपये जमा कर दिए. इनमें बजरंग नगर स्थित रिलायंस इन्फोकॉप पर 2.17 लाख रुपये, प्रेमसागर निवासी शमशुद्दीन अंसारी पर 1.91 लाख रुपये और ठक्करग्राम निवासी मोहम्मद इमरान अंसारी पर 1.96 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया था. इसके अलावा बहोराबाग, गोरखपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई.
बिजली चोरी के मामलों में 9.77 लाख की बिलिंग
डिस्कनेक्शन और निरीक्षण अभियान के दौरान भिटौली, कठौंदा, सत्यम कॉलोनी, कृष्णा सिटी, ड्रीमलैंड सिटी, आईटीआई फीडर और बड़ा फुहारा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बिजली चोरी के मामले सामने आए. संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत पंचनामा तैयार कर 9.77 लाख रुपये की बिलिंग की गई.
पूर्व संभाग में 110 कनेक्शन काटे
मंगलवार को पूर्व संभाग में बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 22 लाख रुपये बकाया होने पर 110 बिजली कनेक्शन काटे गए. इसके अलावा लगभग 15 परिसरों में बिजली चोरी मिलने पर धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई.
चारखंभा और चांदनी चौक में एक ही परिसर में संचालित नौ कनेक्शनों की जांच के दौरान छह कनेक्शनों पर बिजली चोरी पाई गई. इनमें मोहम्मद महफूज, अनवर अहमद, मोहम्मद हैदर पहलवान, अहमद, मंजूर अहमद अंसारी और नजरीन बानो के कनेक्शन शामिल हैं. इन मामलों में कुल तीन लाख रुपये से अधिक की बिलिंग की गई.
वहीं, बहोराबाग में करीब 3.30 लाख रुपये बकाया होने पर पहले काटे गए तीन कनेक्शनों की जांच की गई. यहां दोबारा बिजली का उपयोग पाए जाने पर विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत पंचनामा तैयार किया गया.
पश्चिम संभाग में 19 कनेक्शन काटे
शहर संभाग पश्चिम की चार टीमों ने भी अभियान चलाकर करीब पांच लाख रुपये बकाया वाले 19 बिजली कनेक्शन काटे. इस दौरान सात उपभोक्ताओं ने मौके पर 1.70 लाख रुपये जमा किए.
बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया बिलों की वसूली और बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. विभाग ने उपभोक्ताओं से समय पर बकाया राशि जमा करने की अपील की है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

