जबलपुर. मदनमहल की पहाड़ी पर बैठकर पेट्रोल पम्प में डकैती की योजना बना रहे चार बदमाशों को पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा है. पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार व वाहन जब्त किए है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गढ़ा थाना को खबर मिली कि मदनमहल पहाड़ी दरगाह के पास स्थित एक बड़े पत्थर के पीछे 6 संदिग्ध युवक छिपकर बैठे हैं. ये सभी शारदा चौक के पास स्थित पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे थे. योजना के तहत, यदि किसी ने विरोध किया तो उन्हें चाकुओं से पीटने और वारदात को अंजाम देने के लिए छेनी, हथौड़ा, टॉमी, पेचकस व रॉड जैसे औजारों का उपयोग करने की बात तय हुई थी. खबर मिलते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से बताए गए स्थान पर दबिश दी. पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, जिनमें से घेराबंदी कर 4 युवकों को पकड़ लिया गया, जबकि 2 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे.
पुलिस गिरफ्त में आरोपी-
-अतुल साहू उम्र 18 वर्ष निवासी अन्ना मोहल्ला, शारदा चौक, गढ़ा
-आयुष कोल उम्र 18 वर्ष निवासी कुलियाना मोहल्ला, मड़ई, रांझी
-समीर खान उर्फ पाटन उम्र 18 वर्ष निवासी कटरा मोहल्ला, पाटन.
-एक विधि से संघर्षरत किशोर उम्र 17 वर्ष
फरार हुए आरोपी-
पुलिस की दबिश के दौरान गुड्डू विश्वकर्मा उर्फ प्रिंस रायडर निवासी एलआईसी के पास, गढ़ा व कृष्णा यादव निवासी रतन नगर, गढ़ा फरार हो गए. जिन्हे पकडऩे के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
आरोपियों से बरामद किए गए हथियार-
-2 धारदार चाकू
-छेनी, हथौड़ा, पिंचिस (पेचकस) और टॉमी
-एक बिना नंबर की एक्सेस स्कूटी जिसकी डिक्की से विभिन्न कंपनियों के 6 मोबाइल फोन मिले
-एक पल्सर मोटरसाइकिल
एक आरोपी लूट के मामले में शामिल रहा-
पुलिस को पूछताछ में पता चला कि आरोपी समीर खान उर्फ पाटन ने गढ़ा थाना क्षेत्र सहित अन्य थानों में अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल झपटमारी की कई वारदातों को अंजाम देने में शामिल रहा. जिसने वारदातें करना स्वीकार किया है. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य मामलों के खुलासे के लिए आगे की जांच कर रही है.

