आरपीएफ ने तीन दिन में 7.23 लाख का गांजा जब्त किया, तीन तस्कर गिरफ्तार

आरपीएफ ने तीन दिन में 7.23 लाख का गांजा जब्त किया, तीन तस्कर गिरफ्तार

प्रेषित समय :20:16:40 PM / Tue, Nov 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इटारसी, नर्मदापुरम और बुधनी में की कार्रवाई, 25.634 किलो गांजा बरामद

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल के तीनों मंडलों में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी अभियान के तहत आरपीएफ पोस्ट इटारसी ने तीन दिनों में तीन अलग-अलग कार्रवाइयां कर 25.634 किलोग्राम गांजा जब्त किया. इसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 23 हजार 250 रुपये है. कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

आरपीएफ ने 4 से 6 नवंबर 2026 के बीच इटारसी, नर्मदापुरम और बुधनी स्टेशन के आसपास ये कार्रवाइयां कीं. पहली कार्रवाई 4 नवंबर को हुई, जब समता एक्सप्रेस से इटारसी-नागपुर आउटर पर उतरे एक आरोपी के पास से 8.400 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. इसके अगले दिन 5 नवंबर को नर्मदापुरम स्टेशन के पास से 10.930 किलोग्राम और 6 नवंबर को गोंडवाना एक्सप्रेस से बुधनी स्टेशन के निकट उतरे आरोपी से 6.304 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया.

ये कार्रवाई प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्तों के नेतृत्व में की गई. इसमें आरपीएफ पोस्ट इटारसी, अपराध खुफिया शाखा भोपाल, विशेष खुफिया शाखा और स्थानीय पुलिस की अहम भूमिका रही.

आरपीएफ ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखी. आरोपियों के संभावित उतरने के स्थानों में बदलाव की आशंका को देखते हुए टीमों ने अपनी रणनीति में भी तत्काल बदलाव किया. विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से तीनों मामलों में कार्रवाई की गई. पश्चिम मध्य रेल के अधिकारियों के अनुसार, रेलवे परिसरों में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए तीनों मंडलों में अभियान जारी रहेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-