दो माह से वेतन न मिलने पर सफाई कर्मियों का फूटा गुस्सा, निगमायुक्त कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन

दो माह से वेतन न मिलने पर सफाई कर्मियों का फूटा गुस्सा, निगमायुक्त कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन

प्रेषित समय :18:34:10 PM / Tue, Nov 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पिछले दो महीनों से वेतन न मिलने के कारण ठेका कंपनी के सफाई कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. इसी नाराजगी के चलते संभाग क्रमांक-4 के सफाई कर्मियों ने नगर निगम आयुक्त कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की. कर्मचारियों ने प्रशासन से अपना रुका हुआ बकाया वेतन जल्द से जल्द दिलाने की मांग की है.

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि लगातार दो महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करने और घर चलाना बेहद मुश्किल हो गया है. उन्होंने ठेकेदार पर मनमानी करने और नगर निगम प्रशासन द्वारा उनकी शिकायतों पर ध्यान न दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है.

कर्मचारियों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि उनकी तय दिहाड़ी 300 रुपए है, लेकिन ठेकेदार द्वारा उन्हें केवल 280 रुपए के हिसाब से ही भुगतान किया जा रहा है. इसके अलावा, उनके वेतन से कटने वाली पीएफ की राशि भी उनके खातों में जमा नहीं की जा रही है. कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि काम के दौरान सुपरवाइजर द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है.

इस विरोध प्रदर्शन में दुर्गा राव, दीपा समुद्रे, लता, शोभा, सुनीता राठौर, सुरजीत और कोली राव सहित बड़ी संख्या में अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे. कर्मचारियों के अनुसार, पूर्व ठेकेदार द्वारा भी उनके दो महीनों का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है. हालांकि, प्रदर्शन के बाद निगमायुक्त ने कर्मचारियों को जल्द ही उनका रुका हुआ वेतन भुगतान करवाने का आश्वासन दिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-