पश्चिम मध्य रेल के स्टेशनों पर बढ़ीं यात्री सुविधाएं, अक्टूबर में 4 लिफ्ट और फुट ओवर ब्रिज शुरू

पश्चिम मध्य रेल के स्टेशनों पर बढ़ीं यात्री सुविधाएं, अक्टूबर में 4 लिफ्ट और फुट ओवर ब्रिज शुरू

प्रेषित समय :18:35:21 PM / Tue, Nov 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ट्रेन सूचना बोर्ड और एलईडी डिस्प्ले का भी हुआ विस्तार, चालू वित्तीय वर्ष में 15 फुट ओवर ब्रिज किए गए कमीशन

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल में यात्री सुविधाओं के विस्तार और स्टेशनों के आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है. इसी क्रम में अक्टूबर माह के दौरान ट्रेन सूचना प्रणाली, फुट ओवर ब्रिज और लिफ्ट जैसी सुविधाओं का विस्तार किया गया. इन प्रयासों से यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी प्राप्त करने और प्लेटफॉर्म के बीच आवागमन में सहूलियत मिल रही है.

ट्रेन सूचना प्रणाली का विस्तार: अक्टूबर में भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन पर एक ट्रेन इंडिकेटर बोर्ड शुरू किया गया. इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में पश्चिम मध्य रेल के 11 स्टेशनों पर कुल 17 ट्रेन इंडिकेटर बोर्ड स्थापित किए जा चुके हैं. वहीं, गुना स्टेशन पर दो एलईडी टीवी सिस्टम लगाए गए हैं. इस वित्तीय वर्ष में अब तक सात स्टेशनों पर कुल 16 एलईडी टीवी स्थापित किए जा चुके हैं. इनसे यात्रियों को ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान सहित जरूरी सूचनाएं मिल सकेंगी.

फुट ओवर ब्रिज से आवागमन होगा आसान: अक्टूबर माह में भोपाल मंडल के ब्यावरा राजगढ़ स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज चालू किया गया. चालू वित्तीय वर्ष में अब तक पश्चिम मध्य रेल में कुल 15 फुट ओवर ब्रिज कमीशन किए जा चुके हैं. इनमें 12 मीटर चौड़ाई वाले नौ और इससे कम चौड़ाई वाले छह फुट ओवर ब्रिज शामिल हैं. इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म के बीच सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी.

चार नई लिफ्ट चालू: अक्टूबर में संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर तीन और ब्यावरा राजगढ़ स्टेशन पर एक लिफ्ट शुरू की गई. इस तरह एक माह में कुल चार लिफ्ट चालू हुई हैं. चालू वित्तीय वर्ष में अब तक पश्चिम मध्य रेल के विभिन्न स्टेशनों पर सात लिफ्ट कमीशन की जा चुकी हैं. इनका लाभ विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बच्चों को मिलेगा.

पश्चिम मध्य रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और बेहतर यात्रा अनुभव को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं का लगातार विकास किया जा रहा है. इसका उद्देश्य सूचना प्रणाली को बेहतर बनाने के साथ ही यात्रियों का आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित करना है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-