एक ही रात में दो घरों के ताले तोड़कर चोरों ने उड़ाए सोने, चांदी के जेवर व नगदी रुपए

एक ही रात में दो घरों के ताले तोड़कर चोरों ने उड़ाए सोने, चांदी के जेवर व नगदी रुपए

प्रेषित समय :18:53:55 PM / Wed, Nov 18th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गोसलपुर क्षेत्र में देर रात महाकाली ग्राउंड के पास एक ही परिवार के दो सूने और पास-पास बने मकानों को शातिर चोरों ने अपना मुख्य निशाना बनाया. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में पुलिस गश्त को लेकर भारी रोष व्याप्त है.

पुलिस के अनुसार महाकाली ग्राउंड के पास गनपत सिंह चौहान उम्र 45 वर्ष का पैतृक मकान है. जहां उनकी बुजुर्ग मां लक्ष्मी चौहान रहती हैं. वहीं, ठीक सटा हुआ दूसरा मकान उनके चाचा जगमोहन सिंह का है, जो फिलहाल कटंगी में निवास कर रहे हैं. वारदात से ठीक पहले, सोमवार को लक्ष्मी चौहान मधुवन स्थित ओम शांति संस्थान गई हुई थीं और उसी दौरान गनपत व जगमोहन भी घर पहुंचे थे, तब तक सब कुछ पूरी तरह सुरक्षित और सामान्य था.

देर रात चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों घरों के ताले तोड़कर घर के अंदर घुसकर आलमारी के लॉकरों से 60 हजार रुपए व सोने, चांदी के जेवर चोरी कर लिए. वहीं बगल वाले जगमोहन सिंह के मकान के भी ताले तोड़कर चोर वहां से सोने की दो कीमती चेन चुरा ले गए. सुबह जब परिजनों की नजर बिखरे हुए सामान और खुली पड़ी अलमारियों के दरवाजों पर पड़ी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. होश फाख्ता होने के बाद फौरन घटना की सूचना गोसलपुर पुलिस को दी गई. एक ही परिवार के दो घरों में हुई चोरी की खबर से हड़कंप मच गया. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-