जबलपुर. एमपी के जबलपुर में कटंगी स्थित मुख्य बाजार में पूजा ज्वेलर्स में चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर 30 लाख रुपये कीमत का सोने और चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया. इस सनसनीखेज चोरी की घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटंगी स्थित पूजा ज्वेलर्स के संचालक मोहित सोनी 16 नवंबर की रात करीब 8.30 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे. अगली सुबह यानी 17 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे मोहित किसी काम से नागपुर निकल गए. इस दौरान दुकान की दीवार में सेंध लगाकर घुसे चोरों ने करीब 30 लाख रुपए कीमत के सोने, चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया. बीती शमा 5 बजे के लगभग भाई ने दुकान में चोरी होने की खबर दी.
जिसपर मोहित सोनी दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के भीतर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी व डिस्प्ले काउंटर खाली थे. चोरों ने 15 से 20 ग्राम वजनी सोने के चमकते जेवर और 2 से 3 किलो वजनी चांदी की मूर्तियां, बर्तन व अन्य आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था. चोरी गए कुल माल की कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही कटंगी पुलिस मौके पर पहुंच गई और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स के साथ साक्ष्य जुटाए. पुलिस अब दुकान के आसपास और रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि इन शातिर चोरों का कोई सुराग मिल सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

