जबलपुर. रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर पार्सल गेट के समीप स्थित येप्पी कैफे नामक फुड स्टाल पर बुधवार की अपरान्ह भीषण आग लग गई. घटना के दौरान प्लेटफार्म पर एक ट्रेन भी खड़ी थी, जिससे यात्रियों में अफरातफरी व हड़कम्प की स्थिति बनी रही. घटना की सूचना मिलते ही रेल अधिकारी, आरपीएफ, जीआरपी मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे.
बताया जाता है कि लगभग 4 बजे के दौरान प्लेटफार्म नंबर 1 पर कटनी छोर पर पार्सल गेट के समीप स्थित एक फुड स्टाल जो बंद था, अंदर से धुआं निकलने लगा, जो देखते ही देखते लपटों में बदल गया. जिसे देख हड़कम्प मच गया. आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाता रहा.
स्टाल पूरा जला, लाखों का सामान जला
बताया जाता है कि फुड स्टाल पर जब तक काबू पाया जाता, तब तक वह लगभग पूरा जल चुका था. उसके अंदर रखे बिस्कुट, चिप्स व अन्य खाद्य सामग्रियां पूरी तरह जल चुकी थी. माना जा रहा है कि लाखों का नुकसान इस अग्निकांड में हुआ है. वहीं फुड स्टाल के बाजू में रखे बड़े-बड़े पार्सल भी आग की लपटों में आने से कर्मचारियों की सतर्कता से बाल-बाल बचे. कर्मचारियों ने आग फैलती देखी तो तुरंत ही पार्सल को वहां से सुरक्षित दूरी पर हटाकर रखा. वहीं घटना के संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया. किंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

