गोहलपुर क्षेत्र में बलेनो कार की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत, सब्जी लेने पैदल जा रही थी

गोहलपुर क्षेत्र में बलेनो कार की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत, सब्जी लेने पैदल जा रही थी

प्रेषित समय :18:25:52 PM / Thu, Nov 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बीते 24 घंटों के भीतर तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में जहां एक 96 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी मामलों में पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों और फरार वाहनों की तलाश तेज कर दी है.

बलेनो कार का पहिया चढऩे से वृद्धा की मौत-

गोहलपुर क्षेत्र में बीती शाम 5.35 बजे 96 वर्षीय सकीना बेगम निवासी जाकिर हुसैन वार्ड, गोहलपुर घर से पैदल सब्जी मंडी की ओर जा रही थीं. इस दौरान दमोहनाका की ओर से आ रही बलेनो कार क्रमांक एमपी 20 जेड ई 1830 के चालक रोहित सिंह उम्र 40 वर्ष, निवासी महाकौशल नगर, अधारताल ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पहिया बुजुर्ग महिला के पेट के ऊपर से गुजर गया और वे मौके पर ही बेहोश हो गईं. परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. गोहलपुर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.

बाइक सवार दो किशोरों को पिकअप ने मारी पीछे से टक्कर-

दूसरा हादसा चरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनिया के पास हुआ. जानकारी के अनुसार 18 नवंबर की शाम अविनाश ठाकुर (उम्र 16 वर्ष, निवासी देवरी) और उसका साथी बेडीलाल उर्फ अभिषेक ठाकुर (उम्र 17 वर्ष, निवासी ग्राम पटी) मोटरसाइकिल से बिजोरी से चरगवां जा रहे थे. जैसे ही दोनों खोखा तिराहा जमुनिया के पास स्थित एक फार्म हाउस के गेट के समीप पहुंचे, पीछे से आ रही एक सफेद रंग की पिकअप के चालक ने तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में अभिषेक के चेहरे और अविनाश के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं, जिससे अविनाश बेहोश हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा.

काम से लौट रहे परिवार को कार ने रौंदा, चाचा-चाची और बहन घायल-

संगम कॉलोनी चेरीताल निवासी फग्गन मरावी उम्र 28 वर्ष मजदूरी का काम करते हैं. 18 नवंबर को वे अपने चाचा मिठ्ठू लाल मरावी, चाची कुंती बाई मरावी और बहन निधि मरावी के साथ मजदूरी के लिए परसवाड़ा गए थे. शाम को काम खत्म कर सभी पैदल नाले के पुल की ओर लौट रहे थे. नब्बे क्वार्टर पुलिया से उतरने के बाद चाचा, चाची और बहन आगे चल रहे थे, जबकि फग्गन बाथरूम के लिए रुक गए थे. जैसे ही परिजन कच्ची रोड पर पहुंचे, पीछे से आई कार (क्रमांक एमपी 20 जेड एम 9753) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए तीनों को टक्कर मार दी. हादसे में तीनों के हाथ-पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-