पश्चिम मध्य रेल की नई रेल लाइन परियोजनाओं को मिली रफ्तार

पश्चिम मध्य रेल की नई रेल लाइन परियोजनाओं को मिली रफ्तार

प्रेषित समय :21:05:23 PM / Thu, Nov 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

​जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल (पमरे) द्वारा रेल नेटवर्क के विस्तार, यातायात क्षमता बढ़ाने और यात्री व माल परिवहन को सुगम बनाने के लिए नई रेल लाइन परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है. इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026 में अब तक पमरे की दो प्रमुख परियोजनाओं—रामगंजमंडी–भोपाल और ललितपुर–सिंगरौली नई रेल लाइन के अंतर्गत कुल 83 किलोमीटर रेलखंड कमीशन किए जा चुके हैं.

​रामगंजमंडी–भोपाल परियोजना (276.50 किमी):

इस परियोजना के तहत अब तक कुल 186.70 किमी लाइन कमीशन हो चुकी है. वर्ष 2026 में इसमें 52.50 किमी रेलखंड जोड़े गए हैं, जिनमें श्यामपुर–कुरावर (15 किमी), बिओरा–सोनकच्छ (24.50 किमी) और सोनकच्छ–नरसिंहगढ़ (13 किमी) सेक्शन शामिल हैं. हाल ही में 3 नवंबर 2026 को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने सोनकच्छ–नरसिंहगढ़ खंड का निरीक्षण किया था. शेष नरसिंहगढ़–कुरावर और राजगढ़–बिओरा सेक्शन में पुल, ट्रैक लिंकिंग, सिग्नलिंग व विद्युतीकरण के कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं.

​ललितपुर–सिंगरौली परियोजना (541 किमी):

इस परियोजना में ललितपुर–खजुराहो (229 किमी) के अतिरिक्त शेष 312 किमी में से पमरे द्वारा अब तक कुल 115 किमी रेलखंड कमीशन किया जा चुका है. वर्ष 2026 के दौरान इसमें 30.50 किमी का विस्तार हुआ है, जिसके तहत फुलवारी–देवेंद्रनगर (8 किमी) और रामपुर नैकिन–चुरहट (22.50 किमी) सेक्शन कमीशन किए गए हैं. वहीं, सकरिया–देवेंद्रनगर (10 किमी) खंड का कार्य प्रगति पर है.

​इसके अतिरिक्त पमरे में दोहरीकरण, तिहरीकरण और चौथी लाइन परियोजनाओं पर भी काम तेज है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से ट्रेनों के परिचालन में सुगमता आएगी तथा क्षेत्र की औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-