तिलहरी चैतन्य सिटी में सनसनीखेज चोरी की वारदात, सहायक अभियंत के घर का ताला तोड़कर सोने,चांदी के जेवर ले गए चोर

तिलहरी चैतन्य सिटी में सनसनीखेज चोरी की वारदात, सहायक अभियंत के घर का ताला तोड़कर सोने,चांदी के जेवर ले गए चोर

प्रेषित समय :16:40:32 PM / Thu, Nov 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. आस्था के महापर्व छठ पूजा की खुशियों के बीच मध्य प्रदेश के संस्कारधानी जबलपुर से सनसनीखेज वारदात सामने आई है. तिलहरी स्थित पॉश इलाके चैतन्य सिटी फेस-1 में बेखौफ चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी को अंजाम दिया है. हैरानी की बात यह है कि चोरों ने कीमती सोने-चांदी के जेवरों और नकदी के साथ-साथ मासूम बच्चों की बचत वाले गुल्लक तक को नहीं बख्शा और उन्हें भी तोड़कर रकम उड़ा ले गए. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं गोराबाजार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, चैतन्य सिटी फेस-1 निवासी 38 वर्षीय सुमन कुमार सिन्हा बिजली विभाग में सहायक अभियंता (्रश्व) के पद पर कार्यरत हैं. बीते 11 नवंबर को वे अपने परिवार के साथ कार से छठ पूजा का पर्व मनाने अपने गृह निवास बिहार गए थे. घर पूरी तरह सूना था और ताले लगे थे. इसी का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया.  14 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे पड़ोसी संतोष कुमार ने सुमन कुमार को फोन कर चौंकाने वाली खबर दी कि उनके घर की बाउंड्री वॉल का लोहे का गेट खुला पड़ा है, उस पर ताला नहीं है और मुख्य दरवाजे का ताला भी गायब है.

यह सुनते ही परिवार की चिंता बढ़ गई और वे आनन-फानन में जबलपुर के लिए रवाना हुए. जब सुमन कुमार परिवार के साथ घर पहुंचे और भीतर दाखिल हुए, तो अंदर का मंजर देख उनके होश उड़ गए. कमरे की दीवार में बनी कबर्ड अलमारी के लॉक टूटे हुए थे और घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त हालत में बिखरा पड़ा था. बदमाशों ने दूसरे कमरे की अलमारी को भी खंगाला और वहां रखे बच्चों के दोनों गुल्लक भी तोड़ डाले.

लाखों के जेवर, चांदी के सिक्के और नकदी पार-

परिवार ने जब नुकसान का जायजा लिया तो चोरी गए सामान की लंबी फेहरिस्त सामने आई. चोरों के हाथ सोने के एक जोड़ी टॉप्स, एक लॉकेट, बेंदी, नथनी, तीन लोंग, दो अंगूठी, हनुमानजी और दुर्गाजी के लॉकेट तथा ढोलना लगे. इसके अलावा चांदी की एक कटोरी, चार जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया और 18 चांदी के सिक्के भी बदमाश समेट ले गए. इतना ही नहीं, बच्चों के गुल्लक तोड़कर उनमें जमा किए गए करीब 20 हजार रुपये नकद भी चोरों ने पार कर लिए. घटना के बाद बीती की रात पीडि़त सुमन कुमार सिन्हा ने गोराबाजार थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-