जबलपुर.कछपुरा क्षेत्र स्थित गणेश नगर में गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कॉस्मेटिक कारोबारी के मकान और दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया और दहशत का माहौल बन गया. इस अग्निकांड में घर में रखे 3 लाख रुपए नकद और करीब 25 लाख रुपए मूल्य के आभूषण समेत गृहस्थी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणेश नगर निवासी कॉस्मेटिक व्यवसायी आरपी तिवारी गुरुवार दोपहर किसी काम से बाजार गए हुए थे. घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था. इसी दौरान आग की लपटें उठती देख पड़ोसियों ने तुरंत फोन कर उन्हें सूचना दी. व्यापारी आनन-फानन में घर की ओर दौड़े, लेकिन जब तक वे पहुंचे, तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी. आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों को अपने घरों और दुकानों तक लपटें पहुंचने का डर सताने लगा.
मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. सहायक फायर अधीक्षक राजेंद्र पटेल के अनुसार, तीन दमकलों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. आग बुझने के बाद जब भीतर जाकर देखा गया तो सब कुछ तबाह हो चुका था. अलमारी में रखे 3 लाख रुपए कैश और करीब 25 लाख रुपए के गहने जल चुके थे. बताया जा रहा है कि आरपी तिवारी अपने घर से ही कॉस्मेटिक की दुकान चलाते हैं, जहां आर्टिफिशियल ज्वेलरी और अन्य सामान रखा था, जिसके भी जलने की आशंका है. फिलहाल आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो सका है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

